Advertisement

डीएम ने किया गड़खा बाईपास निर्माण परियोजना की अद्यतन स्थिति व् प्रखंड का निरीक्षण

मीठेपुर मौजा में मुआवजा भुगतान के लिए आयोजित कैंप का भी किया अवलोकन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 26 दिसंबर को जिला के हद में गड़खा बाईपास निर्माण परियोजना की अद्यतन स्थिति के परिप्रेक्ष्य में गड़खा प्रखंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मीठेपुर मौजा में मुआवजा भुगतान के लिए आयोजित कैंप का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला भू अर्जन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, सोनपुर, अंचलाधिकारी गड़खा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान उक्त स्ट्रेच में जिन रैयतों के संरचनाओं का मूल्यांकन हो गया है, उन रैयतों का अविलंब भुगतान करने का निर्देश जिला भू अर्जन पदाधिकारी को दिया गया, ताकि चिरांद पथ तथा उससे आगे तक पथ निर्माण का कार्य पूर्ण कराया जा सके। डीएम द्वारा जिला भू अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि उक्त परियोजना के तहत मौजावार जितने भी पंचाटी हैं, उनका खाता-खेसरा सहित उनका नाम अंकित कर बड़े बैनर अथवा पोस्टर के माध्यम से अंचल कार्यालय में प्रकाशित कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को इसकी जानकारी हो तथा वे अपने कागजात मुआवजा भुगतान के लिए अंचल कार्यालय अथवा जिला भू अर्जन कार्यालय में जमा करा सके।

साथ ही अंचलाधिकारी गड़खा को निर्देश दिया गया कि 27 दिसंबर से ही अंचल कार्यालय में एक हेल्प डेस्क स्थापित कर संबंधित रैयतों से आवेदन लेना तथा उनका त्रुटि निराकरण करना सुनिश्चित करें। इसका बृहद रूप से प्रचार प्रसार कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक रैयत वहां आ सकें।

डीएम श्रीवास्तव ने मीठेपुर में आयोजित कैंप में उपस्थित रैयतों से अपील की है कि वे अपने – अपने भूमि से संबंधित कागजात अविलंब कैंप में या अंचल कार्यालय अथवा जिला भू-अर्जन कार्यालय में जमा कराएं, ताकि यथाशीघ्र मुआवजा राशि का भुगतान संबंधित रैयतों को किया जा सके तथा सरकार की इस अति महत्वपूर्ण परियोजना का कार्यान्वयन सुचारू रूप से कराया जा सके। साथ ही खेसरा पंजी अद्यतन करते हुए मौजावार तथा रैयतवार उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध करते हुए आयोजित कैंप में ही उसका निराकरण करने का निर्देश दिया गया। कैंप में उपस्थित पंचायत सचिवों को यथाशीघ संबंधित रैयतों का वंशावली निर्गत करने का निर्देश दिया गया।

कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल सोनपुर को निर्देश दिया गया कि दखल कब्जा प्राप्त होते ही उक्त स्ट्रेच में जिन स्थलों पर निर्माण कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं किया गया है, वहां यथाशीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। जिन स्थलों पर निर्माण कार्य चल रहा है, उन स्थलों पर अविलंब पथ का निर्माण कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *