Advertisement

सरकारी शराब दुकान में जहर की बोतल, रॉयल स्टेज की सीलबंद बोतल में मृत कीड़ा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू मेन मार्केट स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान में 4 दिसंबर को एक उपभोक्ता द्वारा खरीदी गई रॉयल स्टेज की सीलबंद बोतल में मरा हुआ कीड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि शराब की बोतल खोलते ही कीड़ा दिखने पर ग्राहक और उसके साथी सन्न रह गए। प्रीमियम ब्रांड मानी जाने वाली रॉयल स्टेज की बोतल में इस तरह की गंदगी मिलने से उपभोक्ताओं में सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

इस बावत स्थानीय रहिवासियो का कहना है कि किरीबुरू क्षेत्र में लंबे समय से कुछ दुकानों पर नकली शराब रीफिलिंग का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। खाली बोतलें इकट्ठा कर उनमें मिलावटी शराब भरने जैसी गतिविधियों की चर्चाएं पहले भी सामने आई हैं। इस घटना के बाद रहिवासियों की आशंकाएं और मजबूत हो गई हैं।

सवाल यह भी उठ रहा है कि जब सरकारी दुकान में ही ऐसी लापरवाही हो सकती है, तो निजी दुकानों की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं। बताया जाता है कि जानकारी के बाद जब ग्राहक बोतल लेकर संबंधित दुकान पहुंचा तो उम्मीद थी कि दुकानदार मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएगा, लेकिन दुकानदार बोतल देखकर घबरा गया और ग्राहक से मामला बाहर न ले जाने की गुहार लगाने लगा। इससे संदेह और गहरा हो गया कि दुकान में कहीं न कहीं झोल का खेल चल रहा है।

स्थानीय शराब उपभोक्ताओं ने चाईबासा जिला प्रशासन से मांग की है कि उक्त सरकारी शराब दुकान की तुरंत जांच हो, पूरे स्टॉक का क्वालिटी टेस्ट कराया जाए और नकली शराब या रीफिलिंग का मामला साबित होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। रहिवासियों का कहना है कि बढ़ती शराब की कीमतों के बीच गुणवत्ता से समझौता आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे। उक्त तथ्यों को लेकर सीटू नेता रमेश गोप ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार की नीति स्वास्थ्य के विरुद्ध है। जिला प्रशासन इस पर ध्यान दे और मामले को गंभीरता से ले।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *