सेक्टर चार लक्ष्मी मार्केट में चला बुलडोजर, अबतक हटाई गई 450 फुटपाथ दुकानें
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल के बोकारो स्टील प्रबंधन द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान 4 दिसंबर को तीसरे दिन भी जारी रहा। बोकारो के सेक्टर चार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट में कई फुटपाथ दुकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार मौजूद रहे, वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
बता दें कि, बीएसएल के संपदा न्यायालय द्वारा शहर में अवैध रूप से दुकान लगानेवालों को पूर्व में नोटिस जारी कर खाली करने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत सिटी सेंटर, लक्ष्मी मार्केट और अन्य सेक्टर इलाकों में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चलाई गई। मैजिस्ट्रेट की नियुक्ति के साथ बीएसएल सुरक्षा विभाग और होमगार्ड जवानों की टीम ने तीन दिनों में लगभग 450 अवैध फुटपाथ दुकानों को हटाया है।
अभियान के अंतिम दिन 4 दिसंबर को लक्ष्मी मार्केट में कार्रवाई की गयी। बुलडोजर चलाने से पहले लाउडस्पीकर से घोषणा कर रहिवासियों को विधि-व्यवस्था न बिगाड़ने की चेतावनी दी गई। बीएसएल के सुरक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय यह अभियान आज समाप्त हो गया है। आगे निर्देश मिलने पर पुनः कार्रवाई की जाएगी।
![]()













Leave a Reply