रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के कांड्रा चास स्थित गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस (जीजीएसईएसटीसी) में सिखों के नवें गुरु श्रीगुरु तेग बहादुर जी का 350वाँ शहीदी दिवस 3 दिसंबर को श्रद्धा, गरिमा और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर गुरुजी के अद्वितीय बलिदान, त्याग, सेवा और मानवता के लिए दिए गए अमर संदेश को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत शबद गान से किया गया, जिसका नेतृत्व प्रो. डॉ ए. पी. बर्णवाल ने किया। समारोह में जीजीईएस संस्थान के अध्यक्ष तरसेम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही सचिव सुरेंद्र पाल सिंह तथा निदेशक प्रो. डॉ प्रियादर्शी जरूहार भी उपस्थित थे।
अपने वक्तव्य में संस्थान अध्यक्ष तरसेम सिंह ने इतिहास के संदर्भों के माध्यम से गुरु तेग बहादुर द्वारा भारतीय संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की जानकारी छात्रों को प्रदान की।
सचिव ने गुरुजी की नि:स्वार्थ सेवा, अटूट संकल्प और संस्कृति संरक्षण के विशेष विचारों पर प्रकाश डाला। निदेशक ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और गुरु-शिष्य परंपरा को प्रेरक रूप में प्रस्तुत किया, जिससे छात्र एवं शिक्षक दोनों लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के दौरान 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता के 10 विजयी प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जेयुटी रांची द्वारा आयोजित आईडिया थ्राईव -2025 में पुरस्कृत दो टीमों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।अंत में प्रो. डॉ वैभव गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन पवित्र कड़ाह प्रसाद के वितरण के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply