प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित डैम के पिकनिक स्थल के पास बीते एक दिसंबर को एक वृद्ध का खून से लथपथ अवस्था में शव बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वृद्ध को किसी अन्य जगह से मार कर यहां शव को फेंक दिया गया है।
उक्त जानकारी तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने 2 दिसंबर को दिया। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति ने फोन से उन्हें शव होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे दल बल के साथ उक्त स्थल पर पहुंच कर आसपास के ग्रामीण एवं उलगड्डा पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार मुर्मू , घरवाटांड के रामचंद्र यादव एवं तेनुघाट पंचायत के मुखिया पति संतोष श्रीवास्तव को सूचना देकर शिनाख्त के लिए बुलाया। परन्तु समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पायी है।
ओपी प्रभारी के अनुसार घटना की सूचन वरीय अधिकारी को दिया गया। शव स्थल के पास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह एवं गोमिया पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार पहुंच कर जायजा लिया। उक्त स्थल पर पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, तेनुघाट ओपी के एसआई मनोज तिर्की सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद थे। पुलिस उक्त घटना को लेकर कई बिंदुओं पर जांच करने में जुटी है। शव को कब्जा में लेकर ओपी प्रभारी महतो ने पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया है।
बताया जाता है कि शव बरामदगी स्थल के पास ट्रेक्टर के चक्का का निशान मिला है। आसपास के रहिवासियों द्वारा कयास लगाया जा रहा है कि ट्रेक्टर से ही दुर्घटना होने के बाद विवाद से बचने के लिए शव को सुनसान जगह पर फेंक कर भाग गया होगा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि अनुसंधान के बाद ही कुछ बताया जा सकता है। शव को पोस्टमार्टम के बाद मर्चरी बोकारो में 72 घंटा तक शव पहचान के लिए रखा जाएगा। यदि पहचान हो गया तो ठीक है नहीं तो प्रशासन कानूनी नियम अनुसार शव को निष्पादित किया जाएगा। मौके पर कई गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply