समाहरणालय सभाकक्ष में हम आपको सुनते है कार्यक्रम का आयोजन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जनता की शिकायतों और समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से हम आपको सुनते है कार्यक्रम के तहत 2 दिसंबर को बोकारो जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित किया गया।
बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा आयोजित जनता दरबार के दौरान बड़ी संख्या में जिला के हद में विभिन्न प्रखंडो से आये विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्या लेकर पहुँचे। इस अवसर पर उपायुक्त झा ने एक-एक शिकायतकर्ता से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई शिकायतों का निपटारा मौके पर ही कर दिया, जबकि कुछ मामलों को आवश्यक प्रक्रिया के लिए विभागों को सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार आयोजित जनता दरबार में ज्यादातर मामले भूमि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास, राशन कार्ड, बिजली-पानी, राशन वितरण, दिव्यागता प्रमाण पत्र एवं पेंशन, चुनाव ड्यूटी के दौरान पति की मृत्यु के बाद परिजनों को मुआवजा एवं रोजगार, जमीन विवाद, बैंक के पेंशन मामले के भुगतान, लगान के रशीद में नाम व अन्य जानकारी के संबंध में संशोधन, प्रधानमंत्री आवास से संबंधित मामले, झारखंड आंदोलनकारियों के मामले एवं चास नगर निगम के वार्ड नंबर 6 के जमीन की चार दिवारी तथा अन्य सार्वजनिक सेवाओं से संबंधित समस्याएँ प्रमुख रूप से सामने आईं।
उपरोक्त समस्याओं को लेकर उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि आमजनों को उनके अधिकार समय पर मिले और किसी भी नागरिक को परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जनता दरबार में 2 दिसंबर को लगभग 50 रहिवासियों ने अपनी समस्या को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त सभी की समस्या से संबंधित आवेदन को निष्पादन हेतु सम्बंधित अधिकारियों को भेजा तथा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके आवेदन पर कार्रवाई करते हुए सम्बंधित आवेदकों को सूचित करें।
मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलको, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सह प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग पियूष, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply