प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बीते 30 नवंबर को सदर अस्पताल धनबाद में आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपचार केंद्र में इलाजरत बच्चों के बीच उन्होंने पोषक आहार किट का वितरण किया।
सिविल सर्जन कैंपस में सदर अस्पताल के नव निर्मित आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का राज्य के विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा धनबाद जिला उपायुक्त आदित्य रंजन ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव ने रिसेप्शन एरिया, वार्ड एक तथा दो, किचेन एरिया, प्ले एरिया, डॉक्टर चैंबर समेत पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला उपायुक्त के प्रयास से तैयार उक्त आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र की व्यवस्था देखकर सराहना की।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ने इलाजरत बच्चों तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं तथा बच्चों का हाल चाल जाना। उन्होंने इलाजरत बच्चों के बीच पोषक आहार किट का वितरण भी किया, जिसका प्रयोग बच्चे डिस्चार्ज होने के बाद अपने घरों में करेंगे।
जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) में बेड से लेकर बच्चों के इलाज और मनोरंजन की तमाम व्यवस्था की गई है। यहां मॉड्यूलर किचेन है, ताकि साफ – सफाई का ध्यान रखा जाए। सभी चीजें व्यवस्थित हो और बच्चों के पोषण से संबंधित खाना बना सके। साथ ही साथ पूरे क्षेत्र को बच्चों से संबंधित चाइल्ड फ्रेंडली सामग्री, खेल कुद, शिक्षा आदि में डेवलप किया गया है, ताकि बच्चो का मन लगे। कहा कि प्रतिदिन यहां बच्चों का ग्रोथ रेट देखा जाएगा। आने वाले समय मे यह आदर्श कुपोषण केन्द्र पूरे राज्य के लिए बनेगा। इस सोच के साथ कार्य किया जा रहा है। कहा कि जिला के बाकि कुपोषण केन्द्र को भी इसी तरह सुदृद्ध किया जाएगा।
बताया गया कि इस आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र में बैंक ऑफ इंडिया के सीएसआर फंड की भी सहायता ली गई है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर बैंक ऑफ इंडिया ने कुपोषण उपचार केंद्र में उपायोगी सामग्री उपलब्ध कराई है। उद्घाटन के मौके पर निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार, आंचलिक प्रबंधक बीओआई दिनेश प्रसाद, उप आंचलिक प्रबंधक अवरातनु चंद्र समेत अन्य पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply