रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। शिक्षा के प्रति समर्पित डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर चार बोकारो में एक दिसंबर को नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के लिए रंगारंग फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और मंच-अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिष्ठित अतिथियों बीएसएल टी.ए. विभाग के सीजीएम कुंदन कुमार, डीडीएमओ बोकारो शक्ति कुमार, एलएमसी वाइस चेयरमैन बी.एस. जायसवाल, डीएवी इस्पात 8/बी के प्राचार्य अनुपाल सागर और एलएमसी सदस्य ब्रह्मदेव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं डीएवी गान के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ और शॉल-मोमेंटो देकर अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर लगभग 400 बच्चों ने विभिन्न थीम पर आधारित आकर्षक परिधानों में शानदार प्रस्तुतियां दीं। किसी ने स्वतंत्रता सेनानी की भूमिका निभाई, तो किसी ने पशु-पक्षी, फल-सब्जी, कार्टून कैरेक्टर, पौराणिक पात्र, लजीज व्यंजन और अंतरिक्ष विषयों पर मनमोहक अभिनय किया। बच्चों की मासूम अदाओं और रचनात्मक वेश-भूषा ने सभी का दिल जीत लिया।
निर्णायक मंडल में लाइंस नर्सरी स्कूल की प्रिंसिपल सेहर बानो, रोटरी प्ले स्कूल की प्रिंसिपल मानसी और किरण प्ले ग्रुप की प्रिंसिपल मधुलिका शामिल थीं। इस अवसर पर प्राचार्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर तथा सभी बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर किया गया।
![]()













Leave a Reply