Advertisement

ऑफिसर्स क्लब कथारा में 37 सेवानिवृत कामगारों का विदाई सह सम्मान समारोह

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में ऑफिसर्स क्लब कथारा में एक दिसंबर को सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सीसीएल कथारा क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत 37 कामगारों के सेवानिवृत होने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गयी।

क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार की अध्यक्षता तथा सहायक प्रबंधक मानव संसाधन सूर्य प्रताप सिंह के संचालन में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ऑफिसर क्लब सभागार में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह के अवसर पर महाप्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि कामगारों के श्रम के बदौलत ही कंपनी आज प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन निवास करता है। वे आग्रह करते है कि सेवानिवृत साथी अपना जीवन भर की कमाई को सही जगह उपयोग करें, ताकि आने वाले समय में किसी तरह से कोई दिक्कत ना हो और भविष्य में परिवार और समाज के साथ खुशी से जीवन व्यतीत करें।

उन्होंने कहा कि साठ साल की उम्र पूरा होने के बाद सेवानिवृत होने पर जब काम नहीं रहता है तो उन्हें शारीरिक व मानसिक थकान महसूस होने लगता है। ऐसे में सेवानिवृत होने के बाद आप जरूर कुछ ना कुछ करते रहे, क्योंकि अपना हाथ जगन्नाथ होता है और साथ ही आपकी थकान भी दूर हो जाएगी। कहा कि आपकी रिटायरमेंट निश्चित है, चाहे आप किसी भी पद पर कार्यरत हो। अच्छे कर्म करने वालों को सभी याद रखते हैं। इसलिए केवल सेवा काल ही नहीं, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद भी अच्छे कार्य जरूर करें।

उपस्थित विभिन्न मजदूर यूनियन के श्रमिक प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वयं से अर्जित जीवन की अमूल्य कमाई को जो कंपनी द्वारा दिया जाएगा उसे संजोकर अवश्य रखें।यही भविष्य में काम आएगा। यूनियन नेताओं ने कामगारों के सेवानिवृत्ति के बाद उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कथारा क्षेत्र के जारंगडीह कोलियरी से 8, कथारा कोलियरी से 14, कथारा बाशरी से 4, स्वांग कोलियरी से 6, गोविंदपुर से 4, जीएम यूनिट से एक (कुल 37 सेवानिवृत्त) रिटायर्ड कर्मियों को माला पहना कर, शॉल ओढ़ा कर,अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल, धर्म पुस्तक, मेडिकल सर्टिफिकेट, डिनर सेट, ट्रॉली बैग तथा वृक्ष देकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त कामगारों को महाप्रबंधक संजय कुमार, विभागाध्यक्ष मानव संसाधन माधुरी मडके, सुभाष चंद्र पासवान, राहुल कुमार सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, श्रमिक प्रतिनिधि राजकुमार मंडल, शमशुल हक, निजाम अंसारी, कामोद प्रसाद, सचिन कुमार, राजू स्वामी आदि ने सम्मानित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *