Advertisement

उपायुक्त ने बोकारो एयरपोर्ट का निरीक्षण कर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने एक दिसंबर की शाम बोकारो एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों एवं स्वच्छता व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी झा ने एयरपोर्ट के कई आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में हाई मास्क लाइट के क्रय एवं शीघ्र अधिष्ठापन का निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और संचालन दोनों के लिए आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने की चेतावनी दी।

निरीक्षण क्रम में परिसर के अंदर एवं आसपास की झाड़ियों की समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट क्षेत्र की स्वच्छता, दृश्यता और सुरक्षा मानकों को उच्च स्तर पर बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) तथा बीएसएल प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद, डीडीएमओ शक्ति कुमार, सीजीएम उन्नयन बीएसएल तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बोकारो प्रतिनिधि मौजूद थे। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट को उत्कृष्ट सुविधाओं एवं सुरक्षित वातावरण के साथ विकसित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। कहा कि इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *