वर्ष 2005 के बाद किसी मुख्यमंत्री का हुआ मेले में पहली बार आगमन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 30 नवंबर को सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला की सरकारी प्रदर्शनियों आपदा प्रबंधन, ग्रामश्री मंडप, महिला एवं बाल विकास निगम एवं आर्ट एंड क्रॉफ्ट ग्राम में लगे स्टालों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के साथ बिहार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, सारण आयुक्त राजीव, डीएम अमन समीर, एसपी डॉ कुमार आशीष, पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, पटना नगर आयुक्त डॉ चंद्रशेखर सिंह के अलावा सरकारी मेला से जुड़े ज्ञानेन्द्र सिंह टुनटुन आदि मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम बिहार पर्यटन एवं सारण जिला प्रशासन द्वारा निर्मित आर्ट एंड क्राफ्ट ग्राम में प्रवेश किया। बेहतरीन साज – सज्जा के लिए मशहूर इस आर्ट एंड क्रॉफ्ट ग्राम को मुख्यमंत्री और उनके साथ आए मंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सूक्ष्म अवलोकन किया। व्यवस्थाओं को बारीकी से निहारा। मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित महत्वपूर्ण स्टालों का व्यापक निरीक्षण किया और उसके बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।
उन्होंने महिला बाल विकास एवं ग्रामश्री प्रदर्शनी में लगे स्टॉल का निरीक्षण कर जीविका दीदीयों द्बारा संचालित स्टॉल पर बिहारी व्यंजन को देखा। सीएम नीतीश कुमार ने आर्ट एंड क्राफ्ट में बांस कला केंद्र स्टॉल पर बांस से बनी वस्तुओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आर्ट एंड क्राफ्ट मे लगे स्टॉल का निरीक्षण करने के बाद आपदा प्रबंधन विभाग के प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। आपदा प्रबंधन विभाग की प्रदर्शनी में बाढ़ से सुरक्षा, घरेलू गैस से आग लगने की बचाव सहित अन्य जानकारी प्राप्त की। बताया जाता है कि मेला क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सुरक्षा बलों ने मुख्यमंत्री से जुड़े तमाम कार्यक्रम स्थलों को श्वान दस्ता एवं मेटल डिटेक्टर से जांच की।
हमारी प्राचीन परंपरा का प्रतीक तथा बिहार की पहचान है सोनपुर मेला-सीएम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सोनपुर मेला हमारी प्राचीन परंपरा का प्रतीक तथा बिहार की पहचान है, साथ ही यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार भी है। उन्होंने 30 नवंबर को सोनपुर मेला परिभ्रमण के बाद अपने फेसबुक पोस्ट पर उपरोक्त उद्गार व्यक्त किया।

उन्होंने लिखा है कि सारण जिले के सोनपुर स्थित विश्व-प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2025 का भ्रमण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उत्पादकों एवं विक्रेताओं से उनके उत्पादों के निर्माण, विपणन एवं सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि से शुरू किए गए स्वरोजगार के बारे में जानकारी दी एवं अपने अनुभवों को साझा किया। निरीक्षण के क्रम में जीविका दीदियों व अन्य लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए। सीएम के अनुसार सोनपुर मेला हमारी प्राचीन परंपरा का प्रतीक तथा बिहार की पहचान है। साथ ही यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार भी है।
![]()













Leave a Reply