Advertisement

डीएवी कथारा के छात्रों के बीच एनसीसी बैज वितरण, बच्चों में जोश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में बीते 29 नवंबर को एनसीसी बैज वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ जोन आई द्वारा विद्यालय के एनसीसी छात्रों को बैज लगाया गया, जिससे छात्रों में जोश देखा गया।

उक्त जानकारी डीएवी कथारा के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी. के. दसौंधी ने 30 नवंबर को संयुक्त रूप से दी। बताया गया कि विद्यालय प्रांगण में प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में एनसीसी बैज वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष सभा में एनसीसी छात्रों को विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड ज़ोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ गुलाम नबी खान द्वारा प्रार्थना सभा के उपरांत एनसीसी बैज का वितरण किया गया। समारोह में एनसीसी कैडेट्स द्वारा गर्म जोशी से परेड किए गए और सारे जहां से अच्छा गीत की धुन से पूरा विद्यालय प्रांगण गूंज उठा।

बताया गया कि इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट (जे.डी.) ट्रॉफी दसवीं कक्षा के अंकित कुमार तथा बेस्ट एनसीसी कैडेट (जे. डब्ल्यू.) कक्षा दसवीं सी की निधि कुमारी को प्रदान किया गया। इसके अलावा दो प्लाटून लीडर क्रमशः एहसान रज़ा और अदिति रानी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड ज़ोन आई के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ खान ने कहा कि विद्यार्थियों को वन झारखंड नेशनल यूनिट एनसीसी रांची बटालियन के अंतर्गत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कहा कि विद्यालय एनसीसी टीम के प्रभारी पीटी शिक्षक राहुल कुमार के संरक्षण में विद्यालय के एनसीसी टीम 10 दिवसीय ट्रेनिंग (01 से 10 दिसंबर तक) के लिए एक दिसंबर को झारखंड की राजधानी रांची के आईबीएन स्कूल धुर्वा के लिए रवाना होंगे। यहां बोटिंग, ड्रिल परेड आदि के साथ-साथ तैराकी, शूटिंग आदि का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन्हें यहां अनुशासन, त्याग, सहयोग, समय प्रबंधन आदि की महत्ता बताते हुए एक अच्छे नागरिक तथा परम देशभक्त बनने के गुण सिखाए जाएंगे, ताकि वे भविष्य में देश, परिवार, समाज की आन, बान, शान बनकर उभर सकें। इन्हें आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार आदि के गुर सिखाए जाएंगे, जिससे वे विषम परिस्थितियों में प्राकृतिक आपदाओं से निपट सकें व देश की रक्षा में एक वीर सैनिक की तरह डटकर अपना योगदान दे सकें।

इस विशेष समारोह सभा में प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ खान ने बच्चों को अपनी ओर से आशीर्वाद दिया और उन्हें कैंप के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोजित कैंप में बच्चों में लीडरशिप क्वालिटी का विकास होगा। वे समस्या समाधान, निर्णय- निर्धारण और जीवन कौशल आदि के गुण से परिपूर्ण बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि उक्त कैंप से उनमें राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार होगा। इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर वे ‘ए’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देने के लिए योग्यता प्राप्त करेंगे। यह परीक्षा एनसीसी नौसेना यूनिट द्वारा पूरा झारखंड में होगा और जो परीक्षा उत्तीर्ण करेंगे उन्हें नौसेना के लिए रिजर्वेशन सीट मिलेगा।

कैंप से उनमें सकारात्मक प्रभाव आएगा जो उनके व्यक्तित्व को निखारेगा। इससे स्कूल के पठन-पाठन और नैतिक गुण सीखने को मिलेगा। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे छात्र हमारे विद्यालय के लिए एक उपलब्धि माने जाएंगे। इस विशेष सभा में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक टी. एम. पाठक, जितेंद्र दुबे, पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, राहुल कुमार, रंजीत कुमार सिंह, राकेश रंजन, शिव प्रकाश सिंह, संगीत पाठक, जयप्रकाश गिरि, शिक्षिका ममता पात्रा, सुरभि दुबे सहित समस्त शिक्षक गण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *