प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में महनार बाजार घाट से पूरब गंगा नदी में बीते 25 अक्टूबर को नहाय-खाय के दिन नहाने और पानी भरने के दौरान एक 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान महनार नगर वार्ड संख्या नौ रहिवासी राम किशुन दास के पुत्र सुमन कुमार के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुमन अपने दोस्तों के साथ सुबह गंगा घाट गया था। छठ महापर्व की तैयारियों के लिए घर में उपयोग हेतु वह नदी से पानी भरने उतरा था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक रहिवासी सहायता के लिए पहुंचे, सुमन नदी की तेज धारा में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों रहिवासियों की भीड़ घाट पर उमड़ पड़ी। स्थानीय रहिवासियों द्वारा खोजबीन शुरू की गयी, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में महनार थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना पाकर थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। टीम के जवानों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद सुमन का शव नदी से बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह एक दु:खद हादसा है, जिसमें परिवार की खुशी मातम में बदल गई।
स्थानीय रहिवासियों ने बताया कि घाट पर गहराई के संकेत या सुरक्षा प्रबंध नहीं हैं। छठ जैसे पर्व के अवसर पर जब सैकड़ों रहिवासी गंगा तट पर जाते हैं, तब प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी टीम की तैनाती करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। मृतक के घर में मातमी सन्नाटा पसरा है। परिजनों ने बताया कि सुमन पढ़ाई के साथ-साथ बहुत होनहार और शांत स्वभाव का बच्चा था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।
![]()













Leave a Reply