स्वच्छ भारत- श्रेष्ठ भारत, विश्व में सर्वश्रेष्ठ भारत-डॉ जी.एन. खान
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत 28 सितंबर को बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। एनसीसी आर्मी विंग के विद्यार्थियों द्वारा यहां स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया।
ज्ञात हो कि डीएवी कथारा में हजारीबाग के एनसीसी 22वीं बटालियन द्वारा आर्मी विंग का संचालन किया जा रहा है। उक्त बटालियन के आदेशानुसार इस अभियान के तहत सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान द्वारा एनसीसी कैडेट्स एवं समस्त विद्यालय परिवार को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
दिलायी गयी शपथ के अनुसार सभी ने वर्ष में कम से कम सौ घंटे स्वच्छता को देने तथा सौ अन्य रहिवासियों को सफाई के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पश्चात एनसीसी के कैडेट्स ने सफाई अभियान चला कर आसपास फैली गंदगी और कूड़े- कचरे के ढेर को साफ किया। एनसीसी कैडेट्स उत्साहित होकर देश के प्रति सफाई के इस कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ खान स्वयं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर रहे थे एवं उन्हें अपने विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित कर रहे थे। स्वच्छता अभियान के पश्चात एनसीसी के आर्मी विंग के कैडेट्स ने एक रैली निकाली, जिसकी शुरुआत विद्यालय प्रांगण से की गयी। कैडेट्स पूरे जोर-शोर के साथ बुलंद आवाज में प्राचार्य द्वारा दिए गए स्वच्छ भारत-श्रेष्ठ भारत का नारा लगाकर आमजनों को सफाई के लिए जागरुक कर रहे थे।
इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि एनसीसी की 22वीं बटालियन हजारीबाग द्वारा निर्गत इस कार्यक्रम को विद्यालय परिवार पूरी निष्ठा के साथ संपन्न करेगा एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, सुंदर भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लेगा। स्वच्छता कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के एनसीसी आर्मी विंग के सीटीओ शिव प्रकाश सिंह की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रंजीत कुमार सिंह, राहुल कुमार के अलावा शिक्षक संगीत कुमार, सुरजीत लाहा, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी श्याम नंदन सिंह, अशोक रविदास, गेंदिया देवी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply