दुर्गा पूजा व् जनहित को देखते हुए सफाई कर्मियों का आन्दोलन समाप्त-महाकुड
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा सेल में अनिश्चितकालीन आंदोलन पर डटे सफाई कर्मियों ने प्रबंधन और प्रशासन के साथ हुई बैठक के बाद 28 सितंबर को अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
जानकारी के अनुसार सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों और गुवा सेल प्रबंधन के बीच कई दौर की बातचीत हुई। अंततः दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई और आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ महामंत्री अन्तर्यामी महाकुड ने कहा कि उक्त निर्णय दुर्गा पूजा व् जनहित स्वास्थ्य एवं साफ सफाई की व्यवस्था को देखते हुए संघ के अध्यक्ष रामा पांडेय के मार्गदर्शन पर लिया गया है। बैठक में प्रबंधन की ओर से सफाई कर्मियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने और शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। इसी भरोसे के आधार पर सफाई कर्मी पुनः काम पर लौटने को तैयार हो गए। आंदोलन समाप्त होने से गुवा अस्पताल परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में फैली गंदगी की समस्या दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि आंदोलन के चलते पिछले कई दिनों से अस्पतालों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लग गया था, जिससे मरीजों और आम नागरिकों को काफी परेशानी हो रही थी। अब सफाई व्यवस्था बहाल होने से रहिवासियों ने राहत की सांस ली है। बैठक के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। हालांकि फिलहाल आंदोलन समाप्त होने से शहरवासियों में संतोष का माहौल है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गुवा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
![]()













Leave a Reply