अप्रिय घटना रोकने के लिए चाईबासा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद-बालेश्वर उरांव
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। हिन्दू आस्था एवं नारी शक्ति का प्रतीक दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा पुलिस द्वारा 28 सितंबर को फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च चाईबासा पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के दिशा निर्देशन व थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव के नेतृत्व में निकली गई। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में महिला पुरुष पुलिस के जवान शामिल थे।
बताया जाता है कि फ्लैग मार्च बड़ाजामदा के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्र, पूजा पंडालों के आसपास तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने आमजनों को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तैयारी की गई है। थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। विशेषकर संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएँ।
थाना प्रभारी के अनुसार फ्लैग मार्च का उद्देश्य रहिवासियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना कायम करना था, ताकि वे बिना किसी भय के हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा का पर्व मना सकें। पुलिस जवानों का अनुशासित अंदाज और तत्परता फ्लैग मार्च के दौरान देखने योग्य रहा। इस अवसर पर स्थानीय रहिवासियों ने भी पुलिस प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया और सहयोग का आश्वासन दिया।
![]()













Leave a Reply