Advertisement

नाइजर में अगवा प्रवासी मजदूरों का 5 माह बाद भी सुराग नहीं परिवार चिंतित

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर से बीते 25 अप्रैल को अपहृत गिरिडीह जिला के हद में बगोदर के पांच प्रवासी मजदूरों का अबतक सुराग नहीं मिल सका है। प्रवासी मजदूरों का सुराग नहीं मिलने से दुर्गा पूजा के खुशी के मौके पर भी संबंधित परिवारों में मायूसी पसरा है। परिजन काफी परेशान हाल है।

वही अपहृत प्रवासी मजदूरों के परिजन राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार से गुहार लगा चुके हैं। परिजन कभी जिला अधिकारी, विधायक, सांसद, मंत्री और राज्यपाल से मिलकर रिहाई के लिए गुहार लगा चुके है। जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस मामले को लेकर विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर से मुलाकात कर विशेष ध्यान देने का अनुरोध कर चुकी है।

बताते चले कि पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में 25 अप्रैल 2025 को कल्पतरु ट्रांसमिशन कंपनी के कैंप पर सशस्त्र अपराधियों ने हमला किया था। हमले में 12 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी। इसके बाद गिरिडीह जिला के हद में बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो पंचायत रहिवासी संजय महतो, चंद्रिका महतो, राजू महतो, फलजीत महतो तथा मुंडरो रहिवासी उत्तम महतो को अगवा कर लिया गया था।

इधर प्रवासी मजदूरों के लिए काम करने वाले क्षेत्र के समाजसेवी सिकन्दर अली का कहना है कि पांच माह बीत जाने के बावजूद अगवा हुए मजदूरों का कुछ भी पता नहीं चल सका है। आखिर उनका क्या हुआ, यह सरकार को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को उचित सहयोग भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसी स्थिति में सरकार से वे अपील करना चाहते है कि सभी मजदूरों की रिहाई करवाई जाए और परिवार वालों को आर्थिक सहयोग कराई जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *