एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला मुख्यालय बोकारो के समाहरणालय स्थित सभागार में 26 सितंबर को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में पलाश (झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसायटी जेएसएलपीएस) की जिला एवं प्रखंड दल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जेएसएलपीएस द्वारा संचालित योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ हीं डीडीसी द्वारा कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में डीडीसी मजूमदार ने स्पष्ट कहा कि सभी प्रखंडो में सामुदायिक संगठन संघ (सीएलएफ) की अंश पूंजी शत-प्रतिशत जमा की जाए।
बैठक में सभी प्रखंडो में लिंग संसाधन केंद्र (जीआरसी) की सौ प्रतिशत स्थापना को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
सूक्ष्म वित्त प्रखंडो में 100 उद्यमी तैयार करने तथा उनके लिए उपलब्ध कोष का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। आरसेटीआई के अंतर्गत अधिक से अधिक अभ्यर्थियों का संग्रहण, प्रशिक्षण और नियोजन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि युवाओं को आजीविका से जोड़ा जा सके।

बैठक में सभी प्रकार के पदाधिकारियों यथा एमसीएलएफ लेखापाल, प्रबंधक और नव जीवन सखी का चयन कार्य आगामी 7 अक्टूबर तक पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित की गई। साथ हीं निर्देश दिया गया कि फूलो-झानो आशीर्वाद योजना से लाभान्वित होने वाले सभी लाभुकों का ऑनलाइन प्रविष्टि कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।
बैठक में यह तय किया गया कि उपर्युक्त सभी कार्यों को अगली समीक्षा बैठक आगामी 7 अक्टूबर तक पूर्ण करना अनिवार्य होगा। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनिल डुंगडुंग, जरीडीह व् बेरमो के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अंजना सिंह सहित जिले के विभिन्न प्रखंडो के प्रखंड परियोजना पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply