रजिस्टर टू में हेराफेरी के जिम्मेवार पर फर्जीवाड़ा का एफआईआर हो दर्ज-सुरेंद्र
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के शाहपुर बघौनी पंचायत के रजिस्टर टू में रैयत का नाम घेरकर नया रैयत का नाम जोड़कर जमीन बेचवाने एवं सुधार करने की मांग को अनसुना करने के खिलाफ भाकपा माले के बैनर तले बीते 24 सितंबर से शुरु अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर शहवाज तौहीदी, वसाम तौहीदी एवं मुखलिस तौहीदी डटे है।अंचल-प्रखंड कार्यालय पर 24 सितंबर से शुरू अनशन 26 सितंबर को भी अनवरत जारी रहा।
माहौल में ऊमस भरी गर्मी में अनशनकारियों की हालत बिगड़ने एवं अनशनकारियों की प्रशासनिक सुधी नहीं लिये जाने से आक्रोशित भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने 26 सितंबर को अनशन स्थल से झंडा, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां लेकर प्रतिरोध मार्च निकाला। प्रतिरोध मार्च नारा लगाते बाजार भ्रमण के बाद पुनः अनशन स्थल अंचल कार्यालय पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। जबकि, सभा को प्रभात रंजन गुप्ता, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, आसिफ होदा, मो. कयूम, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, मनोज साह, मो. नेयाज, मो. नासीर, अरशद अली, मो. मिनहाजुल हक, फैयाज तौहीदी, संजीव राय, नौशाद तौहीदी, मो. शकील, मो. कादीर, संजीव कुमार, महावीर सिंह आदि ने संबोधित किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ताजपुर अंचल में भ्रष्टाचार इस कदर हावी है कि सबसे सुरक्षित समझे माने जाने वाले भू-अभिलेख रजिस्टर टू में हेराफेरी किया जाता है। अब किसी की जमीन पूर्णरूपेण सुरक्षित नहीं रहा। उन्होंने शाहपुर बघौनी वार्ड ग्यारह का उदाहरण देते हुए कहा कि अंचल में जमा रजिस्टर टू के जमाबंदी क्रमांक 75-76 में दर्ज नाम सालिम तौहीदी के जगह मोहम्मद वगैरह एवं पिता का नाम अब्दुल रहीम के जगह मोहीबुल हक जोड़कर जमीन बेचने का सिलसिला शुरू कर दिया गया। कहा कि अंचल में हेराफेरी का ऐसा अनेकों मामला है।
अंचलाधिकारी को संज्ञान में दिए जाने के बाद भी सुधार करने में आनाकानी किया जाता है। अंचल कार्यालय में भूमाफिया का कब्जा है। बिना पैसा-पैरवी का एक भी काम नहीं होता है। इसके खिलाफ संघर्ष ही एक मात्र रास्ता बचा है। भाकपा माले गांधी- अंबेडकर के सत्याग्रह आंदोलन के रास्ते को आगे बढ़ाकर लूटेरा-माफिया-भ्रष्ट अधिकारी गठजोड़ को शिकस्त देगी।
![]()













Leave a Reply