Advertisement

खैराचातर में महिलाओं व् किशोरियों को मिला स्वास्थ्य और स्वच्छता का प्रशिक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर पंचायत भवन में सहयोगिनी संस्था द्वारा महिलाओं और किशोरियों के लिए यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया विजय कुमार जायसवाल ने कहा कि किशोरियों तथा महिलाओं के बीच जानकारी कम होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक सह एएनएम मंजू देवी ने प्रतिभागियों को प्रजनन स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व और मासिक धर्म के समय स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता का अभाव कई बीमारियों का कारण बन सकता है, इसलिए समय पर जागरूक होना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलाव, प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी आम समस्याएं, संक्रमण से बचाव और मासिक धर्म स्वच्छता के सही तरीकों पर भी खुलकर चर्चा की गयी। इस संबंध में जानकारी देते हुए सहयोगिनी की सचिव कल्याणी सागर ने बताया कि संस्था द्वारा कसमार प्रखंड में किशोरियों के नेतृत्व विकास तथा उनके बीच होने वाले हिंसा को लेकर कार्य किया जा रहा है।

कहा कि प्रशिक्षण में ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उन्होंने अपने सवाल पूछे और व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए, जिससे कार्यक्रम काफी जीवंत बन गया। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था की एनिमेटर पुष्पा देवी और संगीता देवी के साथ-साथ मंजू देवी, स्वेता, ईशा, शिल्पा, शिखा, टिंकी कुमारी, नेहा कुमारी, पम्मी कुमारी आदि उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *