Advertisement

पीओएच डब्बा निर्माण आदि मांगों को लेकर रेल कारखाना पर आमरण अनशन शुरू

रेल विस्तार एवं विकास मंच के बैनर तले अनशन शुरु

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के समस्तीपुर स्थित रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण शुरू करने आदि मांगो को लेकर 22 सितंबर से आमरण अनशन शुरु कर दिया गया। नेतृत्व समस्तीपुर रेल विस्तार एवं विकास मंच द्वारा किया जा रहा है।

समस्तीपुर रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण शुरू करने, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक, दलसिंहसराय, पूसा रोड रेल गुमटी पर ओवरब्रीज निर्माण कार्य शुरू करने, कर्पूरीग्राम-ताजपुर-भगवानपुर, केबल स्थान-कर्पूरीग्राम एवं दलसिंहसराय-पटोरी, मुक्तापुर-कुशेश्वर धाम नई रेल लाईन योजना को मंजूरी देने, समस्तीपुर के माधुरी चौक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करने, रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा देने आदि मांगों को लेकर रेल विस्तार एवं विकास मंच के बैनर तले रेल कारखाना पर उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान एवं अशोक राय ने 22 सितंबर को तयशुदा कार्यक्रम के तहत अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया।

मौके पर सत्यनारायण सिंह की अध्यक्षता में एक सभा का आयोजन किया गया। संचालन सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। सभा को भाकपा माले के जीबछ पासवान, साधुशरण यादव, राजद के राकेश ठाकुर, शाहीद हुसैन, मो. अकबर अली, माकपा के रघुनाथ राय, भाकपा के सुधीर कुमार देव, अनील कुमार, रामविलास शर्मा, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, सुरेंद्र राम, राजेंद्र राय, अरूण कुमार, मनोज कुमार राय, राजेंद्र राय, अरुण कुमार, सुशील कुमार राय, अनील कुमार राय, रेलकर्मी अरविंद कुमार, पिंकू पासवान, ट्रेड यूनियन नेता संतोष कुमार निराला, मिथिलेश कुमार राय, अविनाश कुमार, शंकर राय, मदन मंडल, शंकर प्रसाद साह, चंदन सहनी, शंकर राम आदि ने संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि रेल प्रशासन माधुरी चौक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करे एवं रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा दे। मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने कहा कि कर्पूरीग्राम-ताजपुर-महुआ-भगवानपुर, केबल स्थान-कर्पूरीग्राम, दलसिंहसराय-पटोरी नई रेल लाईन योजना को मंजूरी दे। राजद नेता राकेश ठाकुर ने कहा कि समस्तीपुर चीनी मिल, पेपर मिल की तरह रेल प्रशासन समस्तीपुर रेल कारखाना को बंद करने की साज़िश कर रही है। रेल विस्तार एवं विकास मंच रेल प्रशासन के इस मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी।

कहा कि जब पीओएच डब्बा निर्माण के लिए बजट सत्र 2016-17 में 63 करोड़ 82 लाख 57 हजार रूपये आवंटन हुआ, रूपये निकासी भी की गई। फिर डब्बा निर्माण कार्य की शुरुआत क्यों नहीं किया गया। कभी जगह कम होने का बहाना तो फिर कभी जांच कमिटी का बहाना बनाकर निर्माण कार्य शुरू कराने से रेल प्रशासन भाग रही है। मंच रेल कारखाना पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

अध्यक्षीय संबोधन में मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने कहा कि समस्तीपुर चीनी मील, पेपर मील की तरह अंग्रेज जमाने 1881 में स्थापित रेल कारखाना को साजिश के तहत रेल प्रशासन खत्म करना चाह रही है। उन्होंने कहा कि 2016-17 में पीओएच कार्य के लिए कारखाना को आवंटित 63 करोड़ 82 लाख 57 हजार से तरह-तरह से बहानेबाजी कर डब्बा निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। शक है कि रूपये बचा भी है या दूसरे मद में खर्च कर दिया गया।

अनशनकारी उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान एवं अशोक राय ने मांग माने जाने या जान जाने तक अनशन जारी रखने का संकल्प लेते हुए जिले के सभी सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक दलों एवं संगठनों, छात्र-नौजवान, मजदूर-किसान, व्यवसायी-बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों से अनशन में शरीक होकर सफल बनाने की अपील की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *