जेपी गंगा पथ को पर्यटन स्थल के रूप में किया जा रहा विकसित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा पटना में जेपी गंगा पथ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों को अब डबल डेकर बस से पर्यटन घाट से कंगन घाट तक करीब 15 किलोमीटर का सफर कराया जायेगा। इस परिभ्रमण से पर्यटकों को प्रकृति का अनुपम नजारा और सौन्दर्य का दर्शन होगा।
पर्यटकों को सुविधा देने को लेकर बिहार की राजधानी पटना में जेपी गंगा पथ पर डबल डेकर बस सेवा का उद्घाटन 2 सितंबर को पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंद किशोर ने उनका स्वागत किया।

यहां से बस सेवा आरंभ होने के साथ पर्यटकों को बस से जेपी गंगा पथ गोलम्बर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, महेंद्रू घाट, गांधी घाट, लॉ कॉलेज घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर एवं कंगन घाट इत्यादि पर्यटन स्थलों का परिदर्शन कराया जायेगा। इस 40 सीट वाली बस सेवा में आरामदायक 20 सीट उपरी खुले तल पर एवं 20 सीट वातानुकूलित नीचे तल पर पर्यटकों के लिए निर्माण की गई है। इसमें एक फ्रीज के साथ वॉशरूम की भी सुविधा दी गयी है।
बताया जाता है कि उक्त बस में एक गाईड की भी व्यवस्था रहेगी, जो पर्यटकों को सभी घाटों के अतिरिक्त पटना के पर्यटन स्थलों की भी जानकारी देंगे। पर्यटक इस मध्य बस में चलते फिरते शहर एवं गंगा नदी के नजारों का आनंद उठा सकेगें। इस बस का किराया प्रति व्यक्ति 100/- रूपये प्रति ट्रिप (दीघा रोटरी से कंगन घाट एवं कंगन घाट से दीघा रोटरी) एवं 50/-रूपये प्रति ट्रिप (कंगन घाट से दीघा रोटरी या दीघा रोटरी से कंगन घाट) निर्धारित की गई है।
![]()













Leave a Reply