Advertisement

रांची के मोरहाबादी में करम पूर्व संध्या समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत

आदिवासी समाज एकजुट होकर राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाएं-सीएम

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक सितंबर को राज्य की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित करम पूर्व संध्या समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त झारखंडवासियों को करम महोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर सीएम सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने एक समृद्ध सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत हमें दिया है। पूरा आदिवासी समाज एकजुट रहकर इस विरासत को इसी प्रकार आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय की संरक्षा के लिए देश में कई कायदे-कानून बनाए गए हैं। कई सारी व्यवस्थाएं भी बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि पूरी दुनिया में आदिवासी समाज के प्रति हमेशा विचार-विमर्श होता रहा है। आज आदिवासी समाज कई कारणों से तथा कई नीतियों की वजह से इधर-उधर बिखर जा रहे हैं। कहा कि हमारी वर्तमान पीढ़ी हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था, प्लेटफार्म को अलग-अलग माध्यमों का उपयोग कर सामाजिकता को निरंतर आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि आज खुशी का माहौल है। राज्य के अलग-अलग गांव, मोहल्ले, टोलों में करम महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करम महोत्सव सिर्फ झारखंड में ही नहीं बल्कि जहां-जहां हमारे आदिवासी समुदाय बसे हैं, वहां भी करम महोत्सव की तैयारी की गई है। सभी करम महोत्सव धूमधाम से मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज इसी तरह एक साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेंगे तो परिणाम अवश्य बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि आज करम पूर्व संध्या समारोह में यहां राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिला-पुरुष व् बच्चे-बच्चियां एकत्रित हुए हैं, जिससे एक खुशनुमा माहौल बना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि करम महोत्सव के अवसर पर ऐसा ही हर्ष और खुशी का माहौल पूरे राज्य में बना रहे, यही हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे अगुवा मार्गदर्शकों ने जो सांस्कृतिक विरासत हमें सौंपी है, इस समृद्ध विरासत को हर हाल में आगे बढ़ाना है। यही राज्य सरकार के साथ-साथ हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आदिवासी समाज के अंदर की कमियों को दूर करने का निरंतर प्रयास कर रही है, लेकिन इस प्रयास में सफलता तभी मिलेगी जब पूरा समाज एक होकर राज्य के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभाएगा।

सीएम ने कहा कि आप सभी जिस उत्साह के साथ संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं, यह हमें प्रेरित करती है। आज बहुत ही खुशी का दिन है, आप सबों को मैं अपनी ओर से करम महोत्सव की ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। मैं उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाया है। इस अवसर पर राज्य के मंत्री चमरा लिंडा, विधायक जिगा सुसारन होरो सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *