विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के चार बिरहोर टंडा गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। उक्त बाते बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 29 जुलाई को कही।
जिला के हद में गोमिया प्रखंड के तुलबुल पंचायत के बिरहोर टंडा में 29 जुलाई को एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण स्वयं उपायुक्त अजय नाथ झा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि गोमिया के चार बिरहोर टंडा गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।
इससे पूर्व स्थानीय पंचायत की मुखिया ममता देवी ने डीसी का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आदिम जनजाति समुदाय के समुचित विकास के लिए यह कदम उठाया गया है। कहा कि अगले तीन माह के भीतर बिरहोर टंडा के सभी परिवारों को रोजगार, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही लुगुबुरु घंटाबाड़ी में आगामी सावन पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले पारंपरिक आयोजन से पूर्व ही सभी विकास योजनाओं को धरातल पर उतार दिया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गांवों में जाकर स्थानीय रहिवासियों के साथ बैठें, उनकी जरूरतों को समझें और उसी अनुरूप योजनाएं बनाएं। उन्होंने कहा कि पूरा गांव मैपिंग के जरिए चिह्नित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके तहत बिरहोर टंडा में जेएसएलपीएस के लिए भवन निर्माण भी कराया जाएगा।
शिविर में उपायुक्त ने आंगनबाड़ी सेविका दुलारी देवी को बेहतर कार्य के लिए गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने डीसी को बताया कि बिरहोर टंडा में 18 वर्ष से ऊपर के 66 रहिवासी हैं, जिनमें से 55 को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। यहां की कई बच्चियों का नामांकन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कराया गया है। दर्जनों बिरहोर को पेंशन का लाभ मिल रहा है। शिविर में मंच संचालन गोमिया सीओ आफताब आलम एवं कपिल रविदास ने किया। मौके पर जिप सदस्य सहित प्रखंड कर्मी, दर्जनों गणमान्य एवं सैकड़ो रहिवासी मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply