Advertisement

ठेका मजदूरों ने बीजीएच के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। कुशल कामगारों के परिवार सहित ईलाज की मांग को लेकर सेल/बोकारो इस्पात संयंत्र के ठेका मजदूरो ने 28 जुलाई को जोरदार प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार हिन्द मजदूर सभा से संबद्ध क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ के नेतृत्व में बोकारो जेनरल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय पर सैकड़ो ठेका मजदूरों ने विराट प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित मजदूरो का कहना था कि वे महारत्ना कम्पनी बीएसएल के मजदूर हैं। इस कम्पनी को उत्पादन के सर्वोच्च शिखर पर कायम रखने के लिये हमने खून-पसीना सब दाव पर लगा रखा है, मगर बदले मे प्रबंधन और अधिकारियो से मिला है तो सिर्फ घृणा। लगभग एक वर्ष से कुशल कामगार ईएसआईसी की सीमा से बाहर हो चुके हैं।

मजदूर अपना और अपने परिवार के ईलाज के लिये दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।नक्कारा बीएसएल प्रबंधन कान मे तेल डालकर कुम्भकर्णी निन्द्रा मे लीन है। इनकी अंधेर नगरी चौपट राजा का आलम है कि मजदूर का गेट पास बनाने या नवीकरण मे ये मजदूरो का मेडिकल चेकअप तो बीजीएच मे करेंगे तथा स्वयं स्थापित बीमारी का बहाना बनाकर मजदूरों की छँटनी के लिये नित नये हथकण्डे अपनाकर मजदूरों को प्रताड़ित करेंगे।

मगर काम करते हुए जब मजदूर या मजदूर का परिवार बीमार होंगें तो सीधे अपना पल्ला झाड़ कर मजदूर को पहचानने से भी मना कर देंगे। ऐसी दौगली व्यवस्था सिर्फ और सिर्फ बोकारो प्रबंधन की हीं हो सकती है। हम साफ-साफ प्रबंधन को बता देना चाहते है कि ईएसआईसी के नाम पर पल्ला झाड़ना बन्द करें। परिवार सहित मजदूरो के ईलाज की उत्तम व्यवस्था अविलम्ब करें। कहा गया कि संघर्ष का शंखनाद हो चुका है। मजदूर अपने अधिकार के प्रति जागृत हैं। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, हर स्तर पर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

उत्पादन की जवाबदेही जब हम पर है तो हमारे ईलाज की जिम्मेदारी हर हाल में सेल/बोकारो प्रबंधन को लेनी होगी।
प्रदर्शन मे मजदूर युनियन की ओर से शशिभूषण, राजेश महतो, जुम्मन खान, बासुदेव कुम्भकार, आनंद कुमार, नागेंद्र कुमार, दीपक कुमार, सिराज अहमद, हरेराम, प्रमोद कुमार, अभय शर्मा, अखिलेश सिंह आदि शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *