Advertisement

वन देवी मंदिर में मां दुर्गा प्रतिमा की घटना को ले हिंदू संगठनों ने कराया गुवा बाजार बंद

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा थाना क्षेत्र के नुईया गांव के समीप स्थित वन देवी मंदिर में बीते 26 जुलाई की रात मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ के विरोध में 28 जुलाई को गुवा बाजार बंद रहा।

ज्ञात हो कि, असामाजिक तत्वों द्वारा माता की साड़ी एवं आभूषणों को उतार कर फेंक दिए जाने की घटना के खिलाफ गुवा बाजार पूरी तरह बंद रहा। घटना ने पूरे इलाके में धार्मिक और सामाजिक असंतोष को भड़का दिया है। घटना के विरोध में हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने गुवा बाजार में पूर्ण बंदी का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला।

बताया जाता है कि बाजार की सभी दुकानों, प्रतिष्ठानों और व्यवसायिक गतिविधियों पर ताले लटके रहे। सुबह से ही संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और रहिवासियों से शांतिपूर्ण बंद का समर्थन करने की अपील की। इस विरोध प्रदर्शन में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान उपस्थित रहिवासियों से कहा गया कि यह घटना केवल एक मूर्ति तोड़ने की नहीं, हमारी आस्था को चुनौती देने की कोशिश है। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, वरना आंदोलन और तेज होगा।

उक्त घटना की सूचना के बाद 27 जुलाई को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा स्वयं गुवा पहुंचे थे और थाना प्रभारी नीतीश कुमार से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द्र को तोड़ने की साजिश हैं, जिन्हें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुवा थाना में लिखित शिकायत दर्ज की जा चुकी है और पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे रहिवासियों में नाराजगी और असंतोष व्याप्त है।

गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व भी इसी वन देवी मंदिर में मां दुर्गा मंदिर में समाज विरोधी घटना घटी थी। तब भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इस बार जनता और संगठनों की ओर से सख्त रुख अपनाया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *