एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के पलामू जिला के हद में पिपराटांड़ थाना क्षेत्र से अवैध डोडा तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। पुलिस ने इस धंधे में लिप्त आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है।
उक्त कार्रवाई पलामु कर पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें जानकारी मिली थी कि जिला के हद में पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के तितलंगी रहिवासी संगहर यादव का पुत्र डब्लू यादव के सहयोग से राज्य से बाहर के डोडा कारोबारी डोडा की बड़ी खेप को थाना क्षेत्र से लेकर जाने वाले हैं। सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम द्वारा डेसातु-पांकी-लावालौंग मुख्य सड़क पर जंगल के किनारे घात लगाकर अवैध कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इस क्रम में चार पहिया वाहनों में ले जाए जा रहे लगभग 3 क्विंटल 14 किलोग्राम डोडा के साथ चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी डब्लू यादव, उसके दो पुत्रों एवं एक अन्य सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने नगदी ₹2.90 लाख व् अन्य सामग्री बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में पंजाब के लुधियाना जिला के हद में जमालपुर थाना क्षेत्र के गुरूरामदास नगर, ताजपुर रोड, पामिया खुर्द रहिवासी 35 वर्षीय हरमीत सिंह, आनन्दपुरी कॉलोनी, थाना वस्ती जोधेवाला रहजवासी 29 वर्षीय पारस चौहान, न्यू विजय नगर, थाना टिब्या रहिवासी 38 वर्षीय सतबीर सिंह, करमसर कॉलोनी, थाना टिब्बा रहिवासी 36 वर्षीय ओम प्रकाश तिवारी, तितलंगी, थाना पिपराटांड़ पलामु रहिवासी 60 वर्षीय डब्लू यादव, उसका पुत्र 30 वर्षीय पिन्टू कुमार यादव, 25 वर्षीय रिंकू कुमार, पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के लोहरसी रहिवासी 26 वर्षीय निरज कुमार पासवान (उम्र 26), पिता बिनोद पासवान शामिल है।
पुलिस द्वारा जब्त एवं बरामद सामान में लगभग 3 क्विंटल 14 किलोग्राम अवैध डोडा, नगद ₹32,90,400/- (बत्तीस लाख नब्बे हजार चार सौ रुपये), दो होंडा सिटी कार, दो महिंद्रा बोलेरो वाहन, वाहन की चाभियाँ, डोडा व्यापार से संबंधित लाल रंग की डायरी, 10 एंड्रॉयड मोबाइल तथा 2 की-पैड मोबाइल शामिल है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) मनोज कुमार झा, पांकी थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक राजेश रंजन, सहायक अवर निरीक्षक पिपराटांड़ थाना रामचन्द्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक ओम प्रकाश बैठा, आईआरबी 10 डी कंपनी के सशस्त्र बल, पुलिस चालक आरक्षी उमेश दास, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अंगरक्षक, पांकी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
![]()













Leave a Reply