रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरिडीह प्रखंड के पथुरिया प्लस-2 उच्च विद्यालय में 26 जुलाई को प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खेलो झारखंड कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच देना और उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, खो-खो सहित कई पारंपरिक व आधुनिक खेलों का आयोजन किया गया।
मौके पर कई गणमान्य उपस्थित रहे, जिनमें बीपीओ स्वप्न कुमार दास, अजय कुमार, ठाकुर देव महतो, महेश्वर गोराई, नितेश कुमार महतो (मेडिकल टीम), मुखिया गायछंदा सोनी कुमारी, खेल शिक्षक प्रतिभा कुमारी, उमा देवी, अजय कुमार नायक, सुमित सागर, शंकर कुमार, राम नारायण, गोविन्द सिंह, राजकुमार महतो, नरेन्द्र कुमार एवं दीप नारायण सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।
इस अवसर पर बीपीओ स्वप्न कुमार दास ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि जीवन में अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि खेलो झारखंड जैसे आयोजन से ग्रामीण युवाओं को प्रोत्साहन मिलता है और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं।

इस अवसर पर विजयी खिलाड़ियों को अगली प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया, जो जल्द ही जिला स्तरीय खेलों में प्रतिभा दिखाएंगे। अंत में, सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को आयोजन समिति की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। ज्ञात हो कि, यह आयोजन स्थानीय स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
![]()













Leave a Reply