रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बहुप्रतीक्षित एवं सुव्यवस्थित एएसआईएससी ज़ोनल एथलेटिक्स मीट, 2025 का आयोजन 5 जुलाई को इस्पात नगर बोकारो के संत ज़ेवियर्स विद्यालय में संपन्न हो गया। इस मीट का ओवर ऑल विजेता संत जेवियर स्कूल बना।
जानकारी के अनुसार आयोजित मीट में कुल 12 विद्यालयों के अंडर 14, अंडर 17 तथा अंडर 19 के छात्र व छात्रा ने हिस्सा लिया। जिसमें डीएनएस मुगमा, एफआरआई सिंदरी, सीटीपीएस भुली, मैथन, सीएमआरआई कोराडीह, कॉर्मल डिगवाडीह, कॉर्मल धनबाद, लोयोला तालडंगा तथा संत ज़ेवियर्स विद्यालय बोकारो के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ खिलाड़ियों की उपस्थिति पंजीकरण एवं प्रमाण-पत्र सत्यापन से किया गया, जिसमें छात्रों के सीआईएससीई द्वारा प्रदत्त पहचान-पत्र एवं जन्म प्रमाण-पत्र की विधिवत जाँच की गई। इसके पश्चात् प्रशिक्षकों एवं अधिकृत अधिकारियों की संगोष्ठी आयोजित की गयी।
तत्पश्चात् स्कूल मैदान स्थित मंच पर भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रार्थना नृत्य जो आत्मिक चेतना को जाग्रत करना, ध्वजारोहण जो राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बना, टीम कप्तान (सेंट ज़ेवियर्स स्कूल) द्वारा शपथ-ग्रहण, जिसने अनुशासन एवं खेल भावना को सुदृढ़ किया से किया गया। संत ज़ेवियर्स के प्रधानाचार्य फादर अरुण मिंज एसजे का स्वागत भाषण प्रेरणादायी विचारों से परिपूर्ण था।
अंत में प्रधानाचार्य द्वारा औपचारिक उद्घोषणा के साथ मीट का विधिवत शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात् प्रतियोगिताओं की श्रृंखला आरंभ हुई, जिसमें धावन, लम्बी कूद, गोला फेंक, रिले दौड़ , शॉट पुट, डिसकस थ्रो, जैवलीन थ्रो आदि विविध खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण एवं जुझारूपन का परिचय दिया।
समापन समारोह के अवसर पर सेंट ज़ेवियर्स विद्यालय बोकारो को विजेता घोषित किया गया। इस क्रम में डीएनएस एफआरआई प्रथम उपविजेता तथा डीएनएस सीएमआरआई द्वितीय उपविजेता रहा। विजेताओं को पुरस्कार वितरण द्वारा सम्मानित किया गया। तत्पश्चात् ध्वज अवतरण की रस्म अदा की गई और समस्त कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
समस्त आयोजन सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यहां प्रतिभागियों ने न केवल अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया, अपितु खेल-मानवता, सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का भी प्रदर्शन किया। यह मीट निश्चित रूप से छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरणादायी कदम साबित होगा।
![]()













Leave a Reply