करखाना निरीक्षक की अनुपस्थिति से रुष्ट उपायुक्त ने वेतन स्थगित करने का दिया निर्देश
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र के शिवप्रिया इस्पात उद्योग में 29 जून की सुबह हुए हादसे में घायल दो श्रमिकों लखन टुडू एवं अखिल कुमार का उपचार बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में किया जा रहा है। दोनों घायल मजदूर ब्लास्ट फर्नेस में अचानक हुए धमाके के कारण बुरी तरह झुलस गए थे।
घटना की जानकारी पाकर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा स्वयं बीजीएच पहुंचे और दोनों घायलों से मिलकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों से मुलाकात कर इलाज की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की तथा यह निर्देश दिया कि इलाज में कहीं कोई कमी नहीं हो। दोनों घायलों को बेहतर उपचार करें।
इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि, प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायल श्रमिकों का समुचित इलाज सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर औद्योगिक लापरवाही का मामला प्रतीत हो रहा है। इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच के लिए एसडीएम चास को प्राधिकृत किया गया है। उन्हें 72 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं औद्योगिक सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का परिणाम है। इस दिशा में प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं पुनः नहीं हों। उन्होंने जिले में संचालित औद्योगिक इकाइयों को कहा कि इस तरह की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं और यह संकेत देती हैं कि कहीं न कहीं सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। ऐसी लापरवाहियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों को कहा कि वे अपने-अपने संयंत्रों में राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय औद्योगिक सुरक्षा मानकों तथा फैक्ट्री संचालन की मानक प्रक्रिया (एसओपी) का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले सुरक्षा मानकों से संबंधित सर्टिफिकेट प्राप्त करें, तभी इकाइयों का संचालन शुरू करें।

उपायुक्त झा ने कहा कि सभी उद्योगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके कार्यस्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। प्रत्येक फैक्ट्री में सेफ्टी ऑडिट, उपकरणों की नियमित जांच, प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती तथा आपातकालीन व्यवस्था की समीक्षा आवश्यक है। मौके पर करखाना निरीक्षक के अनुपस्थित रहने को लेकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को अगले आदेश तक के लिए करखाना निरीक्षक का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया। वहीं, उन्हें अविलंब जिला मुख्यालय में रिपोर्ट करने को कहा। उपायुक्त ने करखाना प्रबंधन को दोनों श्रमिकों के स्वस्थ होने तक उनके परिजनों को प्रतिमाह श्रमिकों को दिए जाने वाले मानदेय का भुगतान करने का निर्देश दिया। कहा कि यह श्रमिकों का हक अधिकार है। इसे प्रशासन सुनिश्चित करेगा।
ज्ञात हो कि, शिवप्रिया इस्पात उद्योग में इगनोट (इंगट) का उत्पादन होता है। उत्पादन प्रक्रिया के दौरान 29 जून की सुबह ब्लास्ट फर्नेस में विस्फोट हो गया, जिससे दो श्रमिक झुलस गए। हादसे के बाद तत्काल दोनों घायलों को बीजीएच लाया गया, जहां वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं। मौके पर एसडीएम चास प्रांजल ढ़ांडा, बियाडा के क्षेत्रीय उप निदेशक मनोज कुमार, श्रम अधीक्षक रंजीत कुमार, चास के अंचलाधिकारी दिवाकर दूबे, शिवप्रिया इस्पात उद्योग के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply