Advertisement

वैशाली के हाजीपुर शहर में बह रही है विकास की गंगा

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार की राजधानी पटना से सटा हाजीपुर वैशाली जिला का मुख्यालय है। बीते 10 वर्षों में हाजीपुर शहर की आबादी करीब 2 लाख हो गई है। लेकिन नगर परिषद द्वारा 20 वर्ष पूर्व जल निकासी के लिए बनाए गए नाली आज भी कायम है।

वैसे तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत हाजीपुर शहर के विकास के लिए शिवराज प्लांट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट कई करोड़ की योजनाएं केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हाजीपुर में चल रही है, जो कब पूर्ण होगा इसका पता नहीं। हाजीपुर नगर परिषद की वर्तमान सभापति संगीता कुमारी एक कर्मठ महिला है। अपने कार्यकाल के दौरान प्रतिदिन नगर के किसी न किसी क्षेत्र में नगर परिषद द्वारा कराये जा रहे कार्यों का निरीक्षण और उद्घाटन में निश्चित रूप से पहुंच रही हैं। नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत जल निकासी की समस्या बहुत पहले से ही चली आ रही है, लेकिन अभी सीवरेज का काम पूर्ण नहीं हुआ है।

इस वर्ष बिहार में विधानसभा का चुनाव होना है, जिस वजह से हाजीपुर शहर के सभी सड़कों और नालों का कायाकल्प किया जा रहा है। हाजीपुर शहर की जो पहले से ढलाई की सड़क हैं उसको कालीकरण कर चिकना किया जा रहा है। अंदर के मोहल्लो की सड़कों को नगर परिषद द्वारा पक्का ढलाई कर दुरुस्त किया जा रहा है। लेकिन नगर पालिका द्वारा किए गए सड़कों के नए निर्माण की वजह से सड़कों की ऊंचाई बढ़ गई है, जिससे बरसात के दिनों में पानी मोहल्लों और रहिवासियों के घरों में निश्चित रूप से समा जाएगा।

वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर शहर की आबादी हाल के वर्षो में बढ़ी है, मकान की संख्या में भी वृद्धि हुई है लेकिन जल निकासी के जो नाले हैं वह 20 वर्ष पुराने हैं। सिर्फ उसका ढक्कन बदलकर नया रूप दे दिया गया है। बताया जाता है कि हाजीपुर के रामबालक चौक से यादव चौक होते हुए डाकबंगला रोड तक मास्टिक एस्फाल्ट (रबड़ सड़क) निर्माण कार्य का नगर परिषद सभापति संगीता कुमारी द्वारा 28 जून को शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी व् हाजीपुर के भाजपा नगर विधायक अवधेश सिंह भी मौजूद रहे। आशा है इस महत्वपूर्ण परियोजना से शहरवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में वैशाली जिले या हाजीपुर शहर में मानसून की वर्षा नहीं हुई है। जब हाजीपुर शहर में मानसून की बरसात या अधिक वर्षा होगी तब नगर परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की कलई खुलेगी। रहिवासियों का अनुमान है कि इस बरसात में नगर की कालीकरण की गई सड़कों का काला रंग गंदी नाली के पानी के साथ बह जाएगा। वह भी अत्यधिक वर्षा होने पर इस बार हाजीपुर नगर वासियों को जल जमाव की अत्यधिक परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *