Advertisement

केंद्रीय विद्यालय का स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल बाल बची, सभी बच्चे सुरक्षित

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। बिरसा स्मारक के समीप बीते 24 जून की दोपहर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु की स्कूल बस अनियंत्रित होकर गार्डवाल में फंस गई। जिसमें दर्जनों स्कूली बच्चे सवार थे। यदि बस खाई में गिर जाती, तो भारी जान-माल की क्षति हो सकती थी।

बताया जाता है कि घटना के समय वहां मूसलधार वर्षा हो रही थी, जिससे सड़के बेहद फिसलन भरी हो गई थीं। स्कूल से छुट्टी के बाद छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही बस क्रमांक-JH06E/1803 बिरसा स्मारक के समीप असंतुलित होकर सड़क के दूसरी ओर चली गई। चालक ने समय रहते बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे वाहन गार्डवाल में फंसकर रुक गया और बड़ी दुर्घटना टल गई। सभी छात्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें वैकल्पिक वाहन से घर पहुंचाया गया।

हालांकि, घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों और कुछ अभिभावकों ने इस पर सवाल उठाए कि क्या बस चालक की तेज या असावधानी भरी ड्राइविंग के कारण फिसली या फिर बस में कोई तकनीकी खराबी यथा ब्रेक फेल या स्टीयरिंग लॉक जैसी समस्या थी?

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की गति घटना के समय अपेक्षाकृत तेज थी, जबकि कइयों का मानना है कि लगातार बारिश और सड़क की जर्जर हालत ने वाहन को असंतुलित कर दिया। फिलहाल इन बिंदुओं की पुष्टि नहीं हुई है। सभी संभावनाओं के बावजूद यह स्वीकार करना होगा कि चालक ने संकट की घड़ी में संयम और त्वरित निर्णय लेकर बस को खाई में गिरने से बचा लिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *