प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग और धनबाद जिले के प्रवासी मजदूरों के विदेश में फंसे होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। उपरोक्त जिलों के 15 प्रवासी मजदूर दुबई में फंसे हैं। सभी मजदूर मसाई कॉन्ट्रैक्टिंग एलएलसी कंपनी में काम करने गए थे।
प्रवासी मजदूरों की ओर से वायरल वीडियो में कहा गया है कि पिछले तीन माह से मजदूरों को कंपनी की ओर से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी दुर्दशा बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार से वतन वापसी में सहयोग की अपील की है। केंद्र और झारखंड सरकार से श्रमिकों की मदद करने की अपील मजदूरों ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताई है।
झारखंड में प्रवासी मजदूरों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने केंद्र और झारखंड सरकार से अपील की है कि इन मजदूरों की सकुशल वतन वापसी के लिए ठोस पहल की जाए। कहा कि इसके पहले भी कई बार ऐसा मामला सामने आया है, जब प्रवासी मजदूर पैसे कमाने के लिए विदेश चले गए। वहां जाने के बाद उनका शोषण किया गया। साथ हीं काम करवाकर उन्हें पैसे नहीं दिए गए। बदहाली में वक्त गुजारने को प्रवासी मजदूर मजबूर हो गए। फिर अपने देश और राज्य की सरकार से अपील की।
सरकार की मदद से उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो पाया। कहा कि फिलहाल हजारीबाग जिला के हद में बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के जोबर पंचायत के दो प्रवासी मजदूर का शव सऊदी अरब और कुवैत में पड़ा हुआ है। जबकि गिरिडीह जिले के बगोदर के पांच मजदूर जो पिछले दो माह पूर्व पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में अगवा हो गए हैं। जिनकी रिहाई अभी तक नहीं हो पाई है।
समाजसेवी सिकंदर अली ने बताया कि हजारीबाग जिला के हद में बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अलखरी खुर्द रहिवासी चुरामन महतो, चंद्रिका महतो, कैलाश महतो, उदयपुर रहिवासी बिशुन महतो, जगन्नाथ सिंह, चितरामो रहिवासी लखन सिंह, सुखदेव सिंह, गोविंदपुर रहिवासी अर्जुन महतो, आंगो थाना क्षेत्र के जोलमी रहिवासी त्रिलोकी महतो, पलमा रहिवासी बालेश्वर महतो, गिरिडीह जिला के हद में बगोदर थाना क्षेत्र के अम्बाडीह रहिवासी बैजनाथ महतो, महेंद्र महतो, निमियांघाट थाना क्षेत्र के माकन रहिवासी सीताराम महतो, मूरत महतो और धनबाद जिला के हद में तोपचांची थाना क्षेत्र के नेरो रहिवासी संजय कुमार महतो सऊदी अरब में फंसे है।
![]()













Leave a Reply