वन विभाग, मनरेगा एवं जीविका के माध्यम से होगा वृक्षारोपण-अमन समीर
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला में इस वर्ष वृहत स्तर पर वृक्षारोपण किया जायेगा। जिला स्तर पर कुल 16.2 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त बातें सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने 2 जून को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्य वन प्रमण्डल सारण, मनरेगा एवं जीविका के माध्यम से किया जायेगा। वन प्रमण्डल द्वारा 7.63 लाख तथा मनरेगा एवं जीविका के माध्यम से संपूर्ण सारण जिला में 8.57 लाख वृक्षारोपण किया जायेगा। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर 2 जून को अपने कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी अमन समीर ने बैठक की।
बैठक में निर्धारित लक्ष्य के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्य योजना पर चर्चा की गई। कहा गया कि वन विभाग एवं जीविका के पौधशालाओं से पौधे उपलब्ध कराये जाएंगे। जीविका के पौधशालाओं का संबंधित बीपीएम जीविका एवं पीओ मनरेगा संयुक्त निरीक्षण करेंगे।
नर्सरी में उपलब्ध पौधों को तीन फीट से अधिक एवं तीन फीट से कम ऊंचाई की श्रेणी में बांटने के लिए इसकी संख्या का आकलन करने को कहा गया। बैठक में इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्पष्ट माइक्रो प्लान तैयार करने को कहा गया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) आईएफएस आलोक कुमार, निदेशक डीआरडीए, मनरेगा डीपीओ सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply