दूसरे बच्चियों के लिए रोल मॉडल बने, मेहनत से करें काम-उपायुक्त
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास स्थित कल्याण गुरुकुल में 31 मई को प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं के लिए आयोजित 40वां फ्लैग आफ सेरेमनी में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए। मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी एन एस कुजूर, संस्थान के प्रधानाध्यपक राम बली गिरि, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधि, शिक्षक समेत अन्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर स्मार्ट मोबाइल फोन का दो माह का प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 33 छात्राओं को बेंगलुरू स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में चयनित होने पर छात्राओं को उपायुक्त व अन्य अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र दिया गया।
मौके पर उपायुक्त झा ने कहा कि बहुत कम छात्राओं को यह अवसर प्राप्त होता है। आप सभी का चयन नौकरी के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी शॉर्ट कट नहीं लेना है। कंपनी प्रबंधन द्वारा जो भी कार्य दायित्व दिया जाए, उसका ईमानदारी से निर्वहन करना है। कहा कि मेहनत करना है, काम सीखना है और आगे बढ़ना है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्राओं को दूसरे बच्चियों के लिए रोल मॉडल बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि सबों को कुछ न कुछ देश के लिए करना होता है। सबका अपना-अपना योगदान होता है। आप सभी को अपना कार्य – दायित्व पूरा करना है। उन्होंने सभी को जीवन में आगे बढ़ने एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। मौके पर उपायुक्त ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

इससे पूर्व, उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्मार्ट मोबाइल फोन, कंप्यूटर लैब प्रशिक्षण कक्ष आदि का जायजा लिया। उन्होंने प्रेझा फाउंडेशन को कोर्स की अवधि बढ़ाने और नये कोर्स को जोड़ने की बात कही। वहीं, जिला कल्याण पदाधिकारी एन. एस कुजूर ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने वाली 33 छात्राओं का रोजगार के लिए चयन हुआ है। आप सभी अपना हुनर दिखाते हुए आगे बढ़ें। मौके पर संस्थान के प्रधानाध्यापक राम बली गिरि, शिक्षक/ प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर जीवन का नया अध्याय शुरू करने के लिए छात्राओं को बधाई दी।
![]()













Leave a Reply