Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक नियंत्रण को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण पखवाड़ा का आयोजन बीते 22 मई से आगामी 5 जून तक किया जा रहा है। इस अवसर पर रेल मंडल के विभिन्न इकाइयों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन- जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।

इसे लेकर बीते 27 मई को विशेष रूप से विश्व पर्यावरण दिवस के तहत सोनपुर मंडल के विभिन्न इकाइयों यथा कार्यालयों, स्टेशनों/कॉलोनियों में कार्यरत कर्मचारियों के बीच संवाद के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने से संबंधित जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य प्लास्टिक उपयोग में कमी लाना, जैविक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा उचित अपशिष्ट पृथक्करण की महत्ता को समझाना रहा।

रेलवे कर्मचारियों एवं स्टेशन पर उपस्थित यात्रियों को भी इस अवसर पर प्लास्टिक कचरे से होने वाले नुकसान तथा जैविक और अजैविक कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई। उक्त अभियान को सोनपुर, हाजीपुर, मुज़फ्फरपुर, बरौनी, नवगछिया सहित रेल मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर विशेष रूप से चलाया गया, जहां स्टेशनों पर स्वच्छता, कचरा निस्तारण और पर्यावरण हितैषी व्यवहार को लेकर जागरूकता फैलाई गई।

इस दौरान पम्पलेट वितरण, पोस्टर प्रदर्शनी, स्वच्छता अभियान तथा कर्मचारियों एवं यात्रियों के साथ संवाद के माध्यम से जन-भागीदारी सुनिश्चित की गई। सोनपुर मंडल रेलवे द्वारा चलाया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावशाली पहल है, जो भविष्य में सतत विकास के मार्ग को सशक्त बनाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *