Advertisement

केएफसी फ्लडलाइट फुटबॉल लीग में क्रेटा एफसी फाइटर गर्ल्स बना चैंपियन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में फुटबॉल मैदान बीते 26 मई को फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।

केएफसी किरीबुरु की मेज़बानी में आयोजित तीसरे फ्लडलाइट लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में क्रेटा एफसी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नियो नाइट को 4-2 से मात देकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

महिला खिलाड़ियों के बीच हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में फाइटर गर्ल्स की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्डन टाइटन को 2-1 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट में युवतियों का उत्साह और प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ रहा।

टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में क्रेटा एफसी ने शाइनिंग स्टार को 1-0 से हराया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में नियो नाइट ने ड्रीम इलेवन को 2-1 से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। दोनों मुकाबलों में टीमों ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का परिचय दिया। टूर्नामेंट के समापन के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सहायक महाप्रबंधक रमेश कुमार सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्र के मुखिया प्रफुल्लित ग्लोरिया तोपनो और अशोक नागरू ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इनके द्वारा दोनों वर्गों की विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट के दौरान दिलीप झा, दाउद किरो, जगमोहन समद, रोशन नेतम, तुषार वैभव, सूर्य मोहंती, आशुतोष यादव जैसे स्थानीय खेल प्रेमी व आयोजक मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीसरा फ्लडलाइट फुटबॉल टूर्नामेंट खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए एक यादगार आयोजन साबित हुआ। उक्त आयोजन के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिला। साथ ही फुटबॉल के प्रति क्षेत्र के युवाओं की बढ़ती रुचि भी देखने को मिली।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *