Advertisement

रसोई गैस से होने वाले हादसों से बचाव को लेकर कंजकीरों में जागरूकता शिविर

खाना बनाओ प्रतियोगिता आयोजित कर महिलाओ को किया गया सम्मानित

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड ऊपरघाट के कंजकिरो मैदान में भारत पेट्रोलियम की ओर से 30 दिसंबर को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य घरेलू रसोई गैस लीकेज से होने वाले हादसों से बचाव के लिए रहिवासियों को जागरूक व् सावधान करना है।

शिविर के दौरान कम्पनी की ओर से महिलाओं के बीच खाना बनाओ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें 16 महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सबसे स्वादिष्ट खाना बनाने वाली महिला सीता देवी, सुमन कुमारी एवं साधना देवी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित भारत पेट्रोलियम एलपीजी के झारखंड प्रदेश प्रबंधक श्याम भवसार ने कहा कि एलपीजी रसोई गैस का इस्तेमाल करने के दौरान सावधानियां बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस से लगातार हादसे हो रहे है, जिसे रोकने के लिए बोकारो सहित पूरे राज्य में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ताकि खासकर महिलाएं रसोई गैस इस्तेमाल करने के दौरान सावधान रहे।

उन्होंने उपस्थित महिलाओं को निःशुल्क हेल्प लाइन नम्बर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी तरह से गैस लीकेज होने की आशंका हो तो 1906 नंबर पर अविलंब सूचना दे। कम्पनी का कर्मचारी आपके घर में आकर निःशुल्क समस्याओं का समाधान करेगा।

इस अवसर पर भारत गैस बोकारो के प्लांट प्रबंधक मीनू कुमारी, एलपीजी विक्रय अधिकारी बोकारो के तेजेश्वर राज, भारत गैस नावाडीह के सीताराम प्रजापति, रमेश रजक सहित ऊपरघाट के जिप सदस्य खुशबू कुमारी, नावाडीह प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, काछो पंचायत की मुखिया जलेश्वरी देवी, बैदकारो पंचायत की मुखिया सीमा महतो, कंजकीरो के पंचायत समिति सदस्य रेवत लाल महतो, अभिषिकता पार्थों, मुखिया पति गणेश तूरी सहित दर्जनों रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *