गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में राघोपुर प्रखंड के मोहनपुर में राष्ट्रीय जनता दल द्वारा सभा का आयोजन किया गया। सभा में स्थानीय राजद विधायक सह बिहार विधानसभा में विरोधी दल के नेता तेजस्वी यादव ने संबोधित करते हुए अगले वर्ष 2025 में एनडीए के खात्मे का दावा किया।
मोहनपुर में आयोजित सभा में राजद नेता तेजस्वी ने बिहार में नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राघोपुर में डिग्री कॉलेज की फाइल भाजपा वालों ने रोक कर रखी है। वहीं पीपा पुल भी बनने नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुल और रोड वाले भाजपा के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा कहते हैं कि तेजस्वी के क्षेत्र में हम विकास नहीं होने देंगे। बिहार सरकार राघोपुर के रहिवासियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। वे राघोपुर के सामुदायिक भवन मोहनपुर एवं मलिकपुर में कार्यकर्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर राजद नेता तेजस्वी ने कई गणमान्य जनों को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। तेजस्वी ने कहा कि पूरे बिहार में एक करोड़ सदस्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 खत्म होते ही 2025 आएगा, साथ ही भाजपा और एनडीए की भी विदाई हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में महागठबंधन पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का काम करेगी। कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार के कार्यकाल में 5 लाख युवाओं को नौकरी दी गई थी।
तेजस्वी यादव ने वायदा किया कि उनकी सरकार बनेगी तो माई बहन सम्मान योजना के तहत हर महिलाओं के खाते में हर माह ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी तरह वृद्ध, विधवा व दिव्यांग को सामाजिक सुरक्षा के तहत दिए जा रहे चार सौ रुपए प्रति माह का पेंशन को बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply