Advertisement

करगली फुटबाल ग्राउंड के समीप अनियंत्रित मारुति वैन खाई में गिरी, एक घायल

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो-कथारा मुख्य मार्ग पर करगली फुटबाल ग्राउंड के समीप 29 अक्टूबर को मारुति ओमनी वैन खाई में जा गिरी। जिससे मारुती क्रमांक GH02Y/3925 सवार घायल हो गया। घायल सवार को राहगीरों की मदद से अस्पताल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार कुरपनिया से फुसरो जा रहे उक्त मारुती फुटबॉल मैदान के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों तथा राहगीरों ने वैन का दरवाजा खोलकर वैन में सवार को बाहर निकालकर उपचार के लिए सीसीएल के केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ रुखसाना ने घायल का उपचार किया।

घायल कुरपनिया रहिवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी भीम रवानी बताया जा रहा है। दुर्घटना में घायल भीम के सिर पर गंभीर चोट आई है। बताया गया कि उसका सिर फट गया एवं बाएं पैर में चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बेरमो थाना के सहायक अवर निरीक्षक कालीचरण सुंडी अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान लिया।

घटना के संबंध में घायल भीम ने बताया कि वह कुरपनिया से फुसरो बाजार जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से एक वाहन आ रहा था। वाहन से बचने के लिए वैन को बायीं ओर टर्न लिया तभी एक मवेशी आ गया। उसे बचने के दौरान अनियंत्रित होकर वैन खाई में जा गिरी। समाचार लिखे जाने तक घायल का इलाज केंद्रीय अस्पताल में ही चल रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *