प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में गोपालपुर गांव से एक 7 वर्षीय छात्र की गला रेत कर हत्या करने वाली एक दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है। घटना के बाद शिक्षण संस्थान के प्रति रहिवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है।
बताया जाता है कि वैशाली थाना क्षेत्र के गोपालपुर चौक के समीप ज्ञान प्रतियोगिता निकेतन नामक एक निजी शिक्षण संस्थान द्वारा छोटे बच्चों को नवोदय तथा अन्य नामी विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए हॉस्टल में छोटे-छोटे बच्चों को भी रखा जाता है।
इस क्रम में बेलसर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर रहिवासी रामनाथ ठाकुर ने अपने सात वर्षीय पुत्र अर्जुन ठाकुर को परीक्षा की तैयारी के लिए उक्त विद्यालय में नामांकन कराया था। साथ हीं पुत्र को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से हॉस्टल में दाखिल किया था। जिसकी 16 नवंबर को अज्ञात अपराधियों ने गला रेत कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मृतक छात्र के माता-पिता और परिजन स्कूल पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी काफी संख्या में पहुंचे और गुस्साए रहिवासियों ने हॉस्टल की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना पर वैशाली थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद से मृतक छात्र के परिवार में कोहराम मचा है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। बताया गया कि किशोर करीब पांच महीने पहले ही उक्त हॉस्टल में रहने आया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। इस दौरान गुस्साए रहिवासियों की पुलिस से झड़प भी हो गई, जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल को बुलाना पड़ा। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। सदर डीएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर में बच्चे का शव मिला, जिसका गला कटा था। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में समाचार प्रेषण तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। वहीं हत्या के कारणों का अबतक खुलासा नहीं हो पाया है।
![]()













Leave a Reply