Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में बैंकिंग महाकुंभ में 5 प्रमुख बैंकों ने लगाया विशेष शिविर

कार्यक्रम में 110 रेलकर्मियों की रही सक्रिय सहभागिता

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। रेलवे कर्मचारियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं और सुरक्षित वित्तीय प्रबंधन से जोड़ने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के निर्देशन में 8 अप्रैल को पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में एक भव्य बैंकिंग शिविर का आयोजन किया गया। बैंकिंग शिविर में पांच प्रमुख बैंको ने शिरकत की।

जानकारी के अनुसार सामुदायिक भवन सोनपुर में आयोजित विशेष शिविर में देश के पांच प्रतिष्ठित बैंकों यथा भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, एडीआरएम, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी समेत रेल मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। बैंकों की ओर से आए वरिष्ठ विशेषज्ञों ने रेलकर्मियों के साथ सीधा संवाद किया और उनकी बैंकिंग संबंधी समस्याओं व जिज्ञासाओं का त्वरित समाधान किया।

​​शिविर का मुख्य आकर्षण आरएसपी (रिटेल सेल्स/प्रॉडक्ट) के तहत मिलने वाली विशेष सुविधाएं रहीं। बैंकों ने ​सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन और आधुनिक ऐप आधारित सेवाएं,​ रेलकर्मियों के लिए विशेष ब्याज दरों पर ऋण की उपलब्धता, सैलरी अकाउंट पर मिलने वाले बीमा और अन्य अतिरिक्त लाभ एवं जिन कर्मचारियों के खाते निजी बैंकों में थे, उन्हें तत्काल सरकारी बैंकों की आरएसपी योजनाओं से जोड़ते हुए नए खाते खोलने की सुविधा दी गई।

​ ज्ञात हो कि यह पहल कर्मचारियों के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। एक ही छत के नीचे पांच प्रमुख बैंकों की मौजूदगी से कर्मियों को अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार सर्वश्रेष्ठ बैंकिंग चुनने का अवसर मिला। ​कार्यक्रम में कुल 110 रेल कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। निजी बैंकों से हटकर सरकारी बैंकों की सुरक्षित और लाभकारी योजनाओं के प्रति कर्मचारियों में भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने मौके पर ही अपनी बैंकिंग सेवाओं को अपग्रेड कराया।

रेल ​मंडल के अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय के कारण यह पूरा आयोजन सुव्यवस्थित और सफल रहा। इस शिविर ने न केवल कर्मचारियों की वित्तीय जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उनके बेहतर आर्थिक भविष्य के लिए एक सशक्त मंच भी प्रदान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *