Advertisement

मिस्त्री की हत्या के 25 दिन बाद हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं, माले करेगा थाना का घेराव

मृतक संजीव सहनी के घर पर बैठक में 22 जून को थाना घेराव का निर्णय

थानाध्यक्ष, डीएसपी का 4 दिनों के अंदर हत्यारे की गिरफ्तारी का कोरा आश्वासन-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर में मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव कुमार सहनी हत्याकांड में घटना के 25 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षेत्र के रहिवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-27 स्थित मोतीपुर में 10 जून को मृतक के आवास पर आसपास के रहिवासियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए आगामी 22 जून को ताजपुर थाना के घेराव का निर्णय लिया गया।

जानकारी के अनुसार बैठक में उपस्थित रहिवासियों एवं भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि ताजपुर पुलिस की निष्क्रियता के कारण अब तक हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। कहा गया कि थाना क्षेत्र में हत्या-अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। चाहे सोना चोरी कांड हो या फिर कई हत्या-अपराध, किसी भी घटना का उद्भेदन करने में पुलिस नाकाम रही है। इसका फायदा हत्यारे-अपराधी उठा रहे हैं और आमजन में चिंता व्याप्त है। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस जानबूझकर संजीव हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे मृतक के परिजनों और स्थानीय रहिवासियों में भारी नाराजगी है।

बैठक में शामिल भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ताजपुर थानाध्यक्ष तथा समस्तीपुर के पुलिस उपाधिक्षक (डीएसपी) का 4 दिनों के अंदर हत्यारे की गिरफ्तारी का आश्वासन कोरा साबित हुआ है। रहिवासियों बताया कि बीते माह 15 मई को ताजपुर के गांधी चौक स्थित रमजान अली स्कूल के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने बाइक मिस्त्री संजीव कुमार सहनी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनके गैरेज पर ही उनकी हत्या कर दी थी। इसे लेकर मृतक के पिता देवकी सहनी ने ताजपुर थाना में कांड क्रमांक 98/26 दर्ज कराया था। घटना के बाद थानाध्यक्ष से लेकर पुलिस उपाधीक्षक तक ने चार दिनों के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार करने का आश्वासन आंदोलन पर उतारू सैकड़ों जनता को दिया था, लेकिन महीना बीतने को है। मृतक का मोबाइल से लेकर कई तथ्य पुलिस के पास है, फिर भी पुलिस घटना का उद्भेदन नहीं कर सकी है और न ही अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाकपा माले के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महागठबंधन से जुड़े दलों के कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण रहिवासियों द्वारा ताजपुर थाना का घेराव कर जोरदार आंदोलन किया जायेगा। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में रहिवासियों ने प्रशासन से हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी, मृतक परिवार को उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की। बैठक में भाकपा माले के ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य ललन दास, जीतेंद्र कुमार सहनी, मृतक के पिता देबकी सहनी, मृतक की पत्नी रवीना देवी, मृतक का भाई सुशील सहनी, कुशी सहनी, सोनिया देवी, बबिता देवी, सुदामा देवी, राजकुमारी देवी, सरयुग कुमार, सींटू कुमार, रघुनाथ सहनी, चंदन सहनी आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाकपा माले के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *