Advertisement

हरिहरनाथ मंदिर में पीएम के जन्मदिन पर महामृत्युंजय जप व् आशीर्वाद का दीप महोत्सव

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को उनकी दीर्घायु एवं ऊर्जस्वी शक्ति के लिए विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में 11,000 दीप जलाए गए।

जानकारी के अनुसार बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष डॉ रणवीर नंदन के मार्गदर्शन में मंदिर में श्रीहनुमान चालीसा, सुंदरकांड का विशेष पाठ और महामृत्युंजय जाप किया गया। संध्याकाल में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद का दीप प्रज्वलित किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

इस अवसर पर सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह और निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष अजय साह सहित कई गणमान्य और श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। आचार्यों और पुजारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी के लोक-कल्याण एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ विशेष मंत्रोच्चार किए। वहीं, श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम और हनुमानजी की कृपा प्राप्ति के लिए एक स्वर में हनुमान चालीसा का सामूहिक गायन किया।

बताया जाता है कि सायंकालीन शृंगार आरती और भव्य महाआरती के बाद मंदिर परिसर में दीपोत्सव मनाया गया। यह आयोजन आशीर्वाद का दीप अभियान के तहत प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने तथा वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के प्रतीक के रूप में आयोजित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *