अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में राजभाषा हिंदी पखवाड़ा के तहत 21 सितंबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सोनपुर स्थित मंडल राजभाषा पुस्तकालय में हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय तकनीकी शिक्षा में हिंदी का प्रयोग एवं सोशल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी की भूमिका था।
आयोजित प्रतियोगिता सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन के मार्गदर्शन और अपर मंडल रेल प्रबंधक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सुमन कुमार तांती के दिशा-निर्देश में की गई। इसमें रेल मंडल के विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग, प्रशासनिक कार्यों में इसकी उपयोगिता, तकनीकी विषयों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग और राष्ट्र निर्माण में राजभाषा की भूमिका पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का सफल संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी अमरेंद्र कुमार, राजभाषा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा तथा जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वी राज की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सोनपुर रेल मंडल राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कहा कि हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों में राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
![]()













Leave a Reply