Advertisement

लोकगीत, गज़ल व् लोकनृत्य से सराबोर रहा सोनपुर मेला का सांस्कृतिक मंच

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में 28 नवंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए। कला, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन सारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को दिनभर बांधे रखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर दो बजे पर्यटन विभाग के मुख्य मंच पर लोक गायक लालमोहन महतो के देवी गीत से किया गया। उन्होंने लाले रंग सिंदुरवा हो कि लाले रंगवा ना से शुरुआत करते हुए बसहा चढ़ल शिवजी अईले बरअतिया, जहां में उगे सबसे पहिले ललकी किरनिया, सासु मोरा मारे राम बांस के छेवकिया से, ले ले अईह बालम बजरिया से चुनरी और हमरो बलमुआ किसान जैसे गीतों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद दिघवारा के राजन सिंह ने अपनी गज़लों और हमरा गँउआ में रहे के विचार बा जैसे लोकगीतों से समां बांध दिया।

शाम के सत्र में उर्वशी ठाकुर के गायन ने माहौल को संगीतमय बनाया। लक्ष्मी कुमारी ने पारंपरिक लोकगीतों के जरिए बिहार की लोक संगीत परंपरा को मंच पर जीवंत किया, जबकि विश्वनाथ शरण सिंह की लोक नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। रात्रिकालीन सत्र में अपूर्वा प्रियदर्शी ने अपने गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, वहीं वेद प्रकाश के साज-ए-इबादत कार्यक्रम ने आयोजन को एक अलग रंग दिया।

पूरे आयोजन के दौरान केवीएस म्यूजिकल टीम का संगीत सहयोग सराहनीय रहा। मंच का संचालन उद्घोषक व रंगकर्मी विट्ठल नाथ सूर्य ने अपने शायराना अंदाज में किया, जबकि व्यवस्था में चंद्र किशोर और कुमार मृणाभ का अहम योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर डीआरडीए निदेशक वृषभानु कुमारी चंद्रा ने कलाकारों को स्मृति – चिह्न देकर सम्मानित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *