अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण तथा उसके आसपास के जिलों की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच तैयार हो रहा है। सारण एवं आसपास के क्षेत्रों के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देने के लिए 21 नवंबर से सारण क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 28 नवंबर तक चलने वाली इस लीग का फाइनल मुकाबला 28 नवंबर को होगा। सभी मैच बिहार की राजधानी पटना के ऊर्जा स्टेडियम में खेले जाएंगे।
जानकारी के अनुसार सारण क्रिकेट लीग में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके नाम स्थानीय पहचान से जोड़े गए हैं। इनमें मढ़ौरा ईगल्स, छपरा वॉरियर्स, तरैया पैंथर्स, मांझी स्ट्राइकर्स, गरखा राइडर्स, बनियापुर बुल्स, परसा लायंस, अमनौर टाइगर्स, सोनपुर किंग्स और एकमा चैलेंजर्स शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि टीमों के चयन से लेकर आयोजन तक पूरी प्रक्रिया में स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह आयोजन सारण के सांसद व् पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। रूडी लंबे समय से मानते रहे हैं कि ग्रामीण और छोटे शहरों में प्रतिभा की कमी नहीं है, कमी है तो सिर्फ सही मंच, मार्गदर्शन और संसाधन की। इसी सोच के तहत वे लगातार खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को आगे लाने का प्रयास करते रहे हैं। सारण क्रिकेट लीग भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
बताया जाता है कि सारण क्रिकेट लीग देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट से प्रेरित है। प्रधानमंत्री का संदेश रहा है कि खेल सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष से सीखने की भावना विकसित करता है। इसी दृष्टिकोण को जमीन पर उतारने का प्रयास यह लीग है।
आयोजकों के अनुसार सारण क्रिकेट लीग का उद्देश्य केवल टूर्नामेंट कराना नहीं, बल्कि सारण में सकारात्मक खेल संस्कृति विकसित करना है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी अनुभव मिलेगा, जो उनके भविष्य की खेल यात्रा के लिए आत्मविश्वास और अवसर दोनों प्रदान करेगा। साथ ही यह आयोजन युवाओं को फिटनेस और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
![]()













Leave a Reply