अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक स्वयं पूजा पंडालो में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा प्रशासनिक, पुलिस महकमा तथा पूजा समितियों को कई प्रकार के निर्देश दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इस क्रम में 15 अक्टूबर को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने जिला के हद में छपरा सदर अनुमंडल के विभिन्न पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। द्वय पदाधिकारियों ने रिविलगंज, मांझी, एकमा, बनियापुर और जलालपुर प्रखंडों के प्रमुख पंडालों का निरीक्षण कर पूजा समितियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी निर्देश के तहत सभी पंडालों के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मजबूत बल्लों व स्टील पिलर से अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था करनी होगी। भीड़ के सुचारू प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाने का निर्देश दिया गया। दिन-रात पाली में पर्याप्त संख्या में कार्यकर्ताओं की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एसडीओ और एसडीपीओ सदर को निर्देश दिया कि सभी बड़े पंडालों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के साथ प्रखंड स्तरीय कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग से सभी पंडालों का विद्युत ऑडिट और भवन प्रमंडल से पंडालों की संरचना की मजबूती का प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य किया है, ताकि किसी भी तरह के हादसे से बचा जा सके।
अग्निशमन पदाधिकारी को सभी पंडालों का नियमित निरीक्षण करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को आग से बचाव का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान सहाजितपुर के मनोपाली में बने विशेष पंडाल पर कड़ी निगरानी रखने को भी कहा गया। अंत में जिला प्रशासन ने आम रहिवासियों तथा श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से मनाने में सहयोग करें।
![]()













Leave a Reply