रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर चार स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में 23 जुलाई को आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में नए छात्र परिषद सदस्यों ने शपथ लेकर अपनी जिम्मेदारी संभाली।
अलंकरण समारोह के मुख्य अतिथि आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने मार्च पास्ट के साथ मंच पर पहुंचकर परिषद सदस्यों को सैश व बैज पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में अलग पहचान बनाने के लिए अलग ढंग से मेहनत करना आवश्यक है। कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी से प्रयास करने पर ही सफलता मिलती है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने कहा कि यह समारोह नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को टीमवर्क, सकारात्मक सोच और ईमानदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। समारोह में स्केटिंग स्टंट, स्वागत गान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नवगठित छात्र परिषद में ईशान अश्विन सफल हेड बॉय तथा अनुष्का आर्या स्वर्णिम हेड गर्ल बनीं। अन्य पदों पर भी छात्रों ने शपथ ली। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply