अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में असाधारण सतर्कता का परिचय देने वाले दो रेलकर्मियों को 21 सितंबर को पुरस्कृत किया गया। संरक्षा पुरस्कार से रेलकर्मियों को सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने सम्मानित किया।
बताया जाता है कि पुरस्कृत कर्मियों में लोको पायलट (मेल) मुजफ्फरपुर सनन्द कुमार तथा सहायक लोको पायलट, मुजफ्फरपुर जितेन्द्र कुमार शामिल हैं। दोनों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

डीआरएम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 11 सितंबर को उपरोक्त दोनों रेलकर्मी गाड़ी संख्या 15904 पर कार्य करते हुए कटिहार की ओर जा रहे थे। सेमापुर स्टेशन की लाइन संख्या-4 पर प्रवेश के दौरान उन्हें गाड़ी में असामान्य झटका महसूस हुआ। ऐसी हालत में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर गाड़ी को सुरक्षित खड़ा कर दिया। निरीक्षण करने पर इंजन के पीछे लगे एसएलआर कोच के पास ट्रैक टूटा मिला। तत्काल इसकी सूचना सेमापुर स्टेशन और टीएनएल/सोनपुर कंट्रोल को दी गयी, जिससे समय रहते आवश्यक संरक्षा उपाय किए गए और सुरक्षित रेल परिचालन बहाल हो सका।
पुरस्कार वितरण के अवसर पर डीआरएम सरन ने दोनों कर्मियों की त्वरित निर्णय क्षमता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारी भारतीय रेल की संरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
![]()













Leave a Reply